Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

युवा बेरोजगार, किसान बदहाल और भाजपा मालामाल यही है भाजपा के 12 साल: सोनू मागो

युवा बेरोजगार, किसान बदहाल और भाजपा मालामाल यही है भाजपा के 12 साल: सोनू मागो
राजनीति
03-Jun-26
केंद्र के सरकार के 12 साल को लेकर नगर कांग्रेस ने खोला भाजपा के खिलाफ मोर्चा

छिन्दवाड़ा

भाजपा की केन्द्र सरकार के 12 साल काले धब्बे के समान है। इन वर्षों में नागरिकों ने सिर्फ और सिर्फ सरकार द्वारा निर्मित आपदाओं, परेशानियों और संकटों का सामना किया है। यह बात सर्वविदित और सर्वव्यापी भी है, जनता आज भी आर्थिक मोर्चे पर जूझ रही, लेकिन मालामाल भाजपा सरकार हो रही। भाजपा 12 साल की उपलब्धियां बताने नहीं बल्कि अपनी नाकामी के लिए जनता से माफी मांगने घर-घर पहुंचे जो ज्यादा हितकारी होगा। यह बात शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो ने उपलब्धियां बताने घर-घर पहुंचने वाली भाजपा पर कटाक्ष करते हुए व्यक्त किए हैं।

श्री मागो ने जारी बयान में उन्होंने आगे कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने 12 सालों में युवाओं को भरपूर बेरोजगारी दी है। किसान भाइयों को बदहाली और तंगी दी है। छात्र-छात्राओं को पेपर लीक दिए हैं और भर्ती परीक्षाओं में घोटाले दिए हैं। नागरिकों को भरपूर महंगाई दी, भ्रष्टाचार दिया और विकास के नाम पर सिर्फ और सिर्फ घोषणाएं दी है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और खाद के बढ़े हुए मूल्य दिए हैं। सरकार के 12 साल की यही नाकामी है जिसे छिपाने और बढ़ती हुई महंगाई पर जनता के बढ़ते आक्रोश को दबाने के लिए भाजपा अपनी नाकामियों को उपलब्धियों का नाम देकर घर-घर पहुंचने की तैयारी कर रही। 

उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में आम जनता ने जिन कठिनाइयों का सामना किया है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। नोटबंदी से कतार में खड़ा हुआ नागरिक, कोरोना संक्रमण काल और अब पेट्रोल-डीजल और खाद के लिए किसान कतार में खड़ा है। झांसे से भरी हुई सरकार में विकास के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार हुआ है, कहीं पुल टूट रहे तो कहीं सड़क का निर्माण हुआ नहीं और राशि निकल गई। एक पेड़ मां के नाम पर लगवाया और पूरा जंगल व्यापारियो के नाम करने वाली भाजपा का छल सामने आ चुका है। भाजपा सरकार के 12 साल में आम आदमी की जिंदगी हुई बर्बाद है।
Share News On