सांसद नकुलनाथ ने विधायक के निज सहायक पर मामला दर्ज कराने बनाया था दबाव
राजनीति
27-Oct-26
भाजपा जिला महामंत्री दीपक नेमा ने कहा षड्यंत्र की निष्पक्ष जांच हो

छिंदवाड़ा अपडेट
भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री दीपक नेमा ने हर्रई के राजमहल में गरबा उत्सव के दौरान सामने आए घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। जिला मंत्री दीपक नेमा ने कहा कि विधायक और राजमहल की छवि धूमिल करने के लिए षड्यंत्र रचे जाने के आरोप सामने आए हैं। इनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविकता सामने आ सके।
जिला मंत्री दीपक नेमा ने बताया कि प्रार्थी बलराम श्रीवास के कथित बयान के अनुसार, कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष एवं कुछ नेताओं ने उन पर दबाव बनाया। आरोप है कि उन्हें पूर्व के मामलों में राहत दिलाने का आश्वासन दिया गया और बात नहीं मानने पर नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस घटनाक्रम के दौरान पूर्व सांसद नकुलनाथ पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे थे और विधायक के निज सहायक के विरुद्ध मामला दर्ज कराने का दबाव बनाया गया था।
उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि अथवा सार्वजनिक संस्थान की छवि प्रभावित करने वाले आरोप तथ्यों और प्रमाणों पर आधारित होने चाहिए। राजनीतिक विरोध की आड़ में किसी पर दबाव बनाने या किसी को बदनाम करने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण में संबंधित पक्षों के बयान, उपलब्ध साक्ष्य और घटनाक्रम की परिस्थितियों की गंभीरता से जांच की जाए।
जिला मंत्री दीपक नेमा ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में जिले और अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में विकास एवं जनहित के कार्यों को गति मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के मुद्दों पर जनता के बीच जाने के बजाय कांग्रेस आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है। जिला मंत्री दीपक नेमा ने पूर्व सांसद नकुलनाथ से भी आग्रह किया कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरे मामले के तथ्यों की पड़ताल करें।
जिला मंत्री दीपक नेमा ने कहा कि सच्चाई सामने लाने का एकमात्र रास्ता निष्पक्ष जांच है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर ही संबंधित व्यक्तियों की भूमिका तय की जानी चाहिए, ताकि किसी के साथ अन्याय न हो और पूरे प्रकरण की वास्तविकता जनता के सामने आ सके।