Home News Helpline Classified Jobs About Contact

छिंदवाड़ा-पांढुर्णा सिंचाई परियोजनाओं के लिए 2,808 करोड़ 13 लाख स्वीकृत

छिंदवाड़ा-पांढुर्णा सिंचाई परियोजनाओं के लिए 2,808 करोड़ 13 लाख स्वीकृत
छिंदवाड़ा
27-Oct-26
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक में लिया गया निर्णय

सांसद और भाजपा जिलाध्यक्ष ने माना मुख्यमंत्री का आभार

छिंदवाड़ा अपडेट

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रि-परिषद की बैठक मंत्रालय में सम्पन्न हुई, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में प्रदेश के सर्वांगीण विकास और प्रशासनिक तंत्र के सुदृढ़ीकरण के लिए 8 हजार 225 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं एवं वित्तीय प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों के बाद छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले में कृषि विस्तार और जल संसाधन प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए छिंदवाड़ा सिंचाई कॉम्प्लेक्स परियोजना के लिए 2,611 करोड़ 13 लाख और पेंच व्यपवर्तन (वृहद) परियोजना के लिए 197 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है। वही पांढुर्णा में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की स्थापना के लिए नवीन पदों की भी स्वीकृति मिली है।

सिंचाई क्षमता का होगा विस्तार: सांसद बंटी विवेक साहू

सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि छिंदवाड़ा सिंचाई कॉम्प्लेक्स परियोजना के लिए 2,611 करोड़ 13 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। जिससे जिले के 1,90,500 हेक्टेयर क्षेत्र में ड्रिप एवं स्प्रिंकलर के माध्यम से सिंचाई हेतु पानी पहुँचाया जाएगा। वही पेंच व्यपवर्तन (वृहद) परियोजना के लिए 197 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि पेंच व्यपवर्तन (वृहद) परियोजना का उद्देश्य छिंदवाड़ा एवं सिवनी जिलों में कृषि हेतु जल आपूर्ति करना है। साथ ही छिंदवाड़ा जिले में 1,26,647 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित की जाएगी। सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि छिंदवाड़ा की वृहद सिंचाई परियोजनाओं के लिए वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक निरंतर संचालन के लिए मंजूरी दी गई, जिससे व्यापक स्तर पर सिंचाई क्षमता का विस्तार होगा।  
            
किसानों की समृद्धि की दिशा में ऐतिहासिक कदम, मुख्यमंत्री का आभार: शेषराव यादव

छिंदवाड़ा जिले के किसानों के हित में प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मध्यप्रदेश सरकार के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा सिंचाई कॉम्प्लेक्स परियोजना के लिए 2 हजार 611 करोड़ 13 लाख रुपये तथा पेंच व्यपवर्तन (वृहद) परियोजना की निरंतरता के लिए 1 97 करोड़ रुपये की स्वीकृति जिले के विकास और किसानों की खुशहाली की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा सिंचाई कॉम्प्लेक्स परियोजना के माध्यम से जिले के 1 लाख 90 हजार 500 हेक्टेयर क्षेत्र में ड्रिप एवं स्प्रिंकलर जैसी आधुनिक सूक्ष्म सिंचाई प्रणालियों के जरिए खेतों तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य है। वहीं, पेंच व्यपवर्तन (वृहद) परियोजना के लिए स्वीकृत 197 करोड़ रुपये से संबंधित कार्यों को गति मिलेगी। इस परियोजना का उद्देश्य छिंदवाड़ा एवं सिवनी जिलों में कृषि के लिए पानी की आपूर्ति करना तथा छिंदवाड़ा जिले में 1 लाख 26 हजार 647 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित करना है। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाना उनकी आर्थिक समृद्धि, कृषि उत्पादन में वृद्धि और ग्रामीण विकास की मजबूत नींव है। इन परियोजनाओं से जिले में खेती को नई दिशा मिलेगी तथा किसानों को बेहतर कृषि संभावनाएं प्राप्त होंगी। सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होने से कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के समग्र विकास के नए अवसर सृजित होंगे।



Share News On