कमलनाथ जब सड़क परिवहन मंत्री थे तब सड़कों की घोषणाओं की गूंज ज्यादा थी: शेषराव यादव
छिंदवाड़ा
25-Feb-26
छिंदवाड़ा
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को लिखे गए पत्र पर चुटीली प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “कमलनाथ जब सत्ता में थे तब ट्रैफिक की चिंता नहीं, अब जब काम हो रहा है तो क्रेडिट की चिंता ज्यादा है।” उन्होंने कहा कि कमलनाथ का पत्र पढ़कर छिंदवाड़ा की जनता मुस्कुरा रही है। वजह साफ है, जिन्हें वर्षों तक ट्रैफिक जाम नजर नहीं आया, उन्हें अब 11 किलोमीटर का ब्रिज दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा की जनता को इसी 11 किलोमीटर का सपना दिखाकर उनके वोट हासिल करके चुनाव जीते थे और चुनाव जीतते ही ब्रिज को भूल गए, अब चुनाव करीब आते देख चिट्ठी लिखकर ब्रिज बनवाने की मांग करने लगे। इसको देखकर जनता भी मुस्कुरा रही है और समझ भी रही है कि हवा में चलने वाले को सड़क की चिंता क्यों सता रही है?

शेषराव यादव ने तंज कसते हुए कहा कि कमलनाथ स्वयं भी कभी सड़क परिवहन मंत्री रहे हैं। तब छिंदवाड़ा की सड़कों पर विकास कम और घोषणाओं की गूंज ज्यादा सुनाई देती थी। भूमिपूजन ऐसे होते थे मानो हर पत्थर का भी उद्घाटन होना जरूरी हो। जनता आज भी वह दौर याद करती है जब एक छोटे से ओवरब्रिज के लिए सात बार नारियल फोड़ा गया, लेकिन पुल आधा ही बन पाया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि छिंदवाड़ा में आर ओ बी और फोरलेन का काम तेजी से चल रहा है, जुन्नारदेव में 36 करोड़ का ब्रिज बनकर उद्घाटित हो चुका है और सिवनीदृछिंदवाड़ादृसावनेर 150 किमी फोरलेन की दिशा में भी सकारात्मक प्रगति है। ये सब योजनाएं धरातल पर दिख रही हैं, कागजों और प्रेस नोटों में नहीं। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा की जनता अब समझ चुकी है, उसे शिलान्यास की राजनीति नहीं, परिणाम चाहिए और परिणाम आज भाजपा सरकार दे रही है।