कांग्रेस ने उठाई आवाज तब मंडी परिसर में हमालों को मिला प्रवेश
छिंदवाड़ा
05-Jun-26
कृषि मंडी सचिव कार्यालय के सामने किया धरना-प्रदर्शन
हमालों के हक और अधिकार की लड़ाई में साथ खड़ी रहेगी कांग्रेस
छिन्दवाड़ा
जिले की सबसे बड़ी अनाज मंडी कुसमैली कृषि उपज मंडी में किसी एक हमाल की गलती की सजा सभी पुरुष व महिला हमालों को दी जा रही थी। मंडी प्रशासन ने हमालों के प्रवेश पर रोक लगा दी, जिसके चलते सुबह करीब 11 बजे तक हमाल मंडी परिसर से बाहर रहे। सूचना मिलते ही कांग्रेस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और हल्ला बोल प्रदर्शन किया।
शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो एवं हमाल यूनियन के अध्यक्ष शैलेन्द्र उर्फ शैलू सेंगर कृषि उपज मंडी पहुंचे। कांग्रेस के दोनों ही जनप्रतिनिधियों ने हमालों से चर्चा कर समस्या जानी तो सामने आया कि उन्हें विगत दो दिनों से मंडी प्रांगण में प्रवेश नहीं दिया और आज शुक्रवार को तीसरे दिन भी प्रवेश से रोक दिया गया है। यह बात सामने आते ही धर्मेन्द्र सोनू मागो और शैलू सेंगर हमालों को साथ लेकर कृषि उपज मंडी सचिव कार्यालय के सामने पहुंचे और धरना देते हुए जमकर नारेबाजी की।
मंडी व्यापारियों ने महिला हमालों को रोका जिसमें मंडी प्रबंधन ने सहयोग किया जिस पर कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह अन्याय है। मंडी पर जितना अधिकार व्यापारियों का है उतना अधिकार हमालों का भी है इसीलिये उन्हें प्रवेश करने से रोकना न्यायोचित नहीं है। सचिव से चर्चा के दौरान कहा कि जिस एक हमाल से गलती हुई है वह पकड़ा गया और उसे दंड भी मिल चुका है, लेकिन इसकी सजा सभी हमालों को देना पूरी तरह से गलत है। उन्होंने कहा कि सभी हमालों को मंडी में प्रवेश करने से नहीं रोका जा सकता।
सभी हमालों का कार्ड बनाए जाने के साथ ही उनका पीएफ काटने और इंश्योरेंस करने की मांग कांग्रेस ने उठाई। तत्काल सभी हमालों को मंडी में प्रवेश करने की अनुमति देने के लिए मंडी सचिव से चर्चा की जिसके उपरांत सभी हमालों को मंडी परिसर में प्रवेश दिया गया। इस दौरान कुसमैली कृषि उपज मंडी के समस्त महिला व पुरुष हमाल उपस्थित रहे।