जमुनिया वेयरहाउस में गेहूं खरीदी का शुभारंभ, तिलक लगाकर किसानों का सम्मान
छिंदवाड़ा
17-Apr-26
छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के सीडब्ल्यूसी जमुनिया वेयरहाउस में सेवा सहकारी समिति नेर, सारना, बनगांव एवं चाहिंया मर्यादित द्वारा समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर गेहूं विक्रय करने पहुंचे किसानों का भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने तिलक लगाकर, पुष्पमालाएं पहनाकर और आत्मीय स्वागत कर सम्मानित किया।
गेहूं खरीदी केंद्र पर पहुंचे किसानों ने समर्थन मूल्य पर अपनी उपज की खरीदी शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकारों का आभार व्यक्त किया। किसानों ने कहा कि सरकार की किसान हितैषी नीतियों के कारण उन्हें अपनी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
इस अवसर पर उपस्थित नेताओं ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसान सम्मान और समृद्धि के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने तथा खरीदी प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। साथ ही किसानों से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की अपील भी की गई।
कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष संजय पटेल, वरिष्ठ नेता डॉ. रमेश, किसान मोर्चा महामंत्री अलकेश साव, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप चौधरी, रामभरोस पटेल, उपार्जन प्रभारी रेखन चौधरी, संतोष पटेल, देवेंद्र विश्वकर्मा, सह प्रभारी मोतीलाल साहू, प्रभारी प्रहलाद पटेल, सह प्रभारी सौरभ सक्सेना, दुर्गा प्रसाद विश्वकर्मा, प्रदीप रघुवंशी, राहुल चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
गेहूं खरीदी के शुभारंभ अवसर पर किसानों के सम्मान का यह आयोजन पूरे क्षेत्र में किसान गौरव भाजपा सरकार और संगठन की संवेदनशीलता और समर्पण का संदेश देता नजर आया।