512 पंजीकृत बुजुर्गों को मिलेंगे कृत्रिम उपकरण
छिंदवाड़ा
17-Apr-26
छिंदवाड़ा
जिले की जनपद पंचायत चौरई के अंतर्गत 6 अप्रैल से प्रारंभ हुये और 17 अप्रैल तक चलने वाले विभिन्न 9 सेक्टरों में 60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों के लिए सहायक कृत्रिम उपकरण के लिये ऑनलाइन पंजीयन शिविर का सफल आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज 17 अप्रैल को आयोजित शिविर में कुल 512 लाभार्थियों का पंजीयन किया गया।
ये मिलेंगे उपकरण
आसरा केंद्र के जिला समन्वयक मुकेश कुमार मालवीय ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय बयो श्री योजना के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में वृद्धजनों को कमर एवं घुटने के बेल्ट, कान की मशीन, व्हीलचेयर, वॉकर, छड़ी, कमोड कुर्सी, बैसाखी सहित अन्य सहायक उपकरणों के लिए निःशुल्क पंजीयन किया गया। आगामी समय में पंजीकृत हितग्राहियों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपकरण वितरित किए जाएंगे, जिससे उनके जीवन को सरल बनाने में सहायता मिलेगी।
शिविर में जरूरतमंद वृद्धजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बादगांव में आयोजित शिविर के साथ इस अभियान का समापन हुआ। उपस्थित नागरिकों एवं वृद्धजनों ने आसरा केंद्र एवं उसकी टीम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि पंचायत स्तर पर इस प्रकार का उपकरण पंजीयन शिविर पहली बार आयोजित किया गया।
शिविर में मुख्य रूप से जिला समन्वयक मुकेश कुमार मालवीय, कुमारी वर्षा मर्सकोले, सुदेश नागवंशी, अनिल साहू, सुधीर डहरिया, रामवरण वर्मा, बादगांव सरपंच संतकुमार साहू, सचिव परसराम चोरिया, कुंजबिहारी शर्मा, बृजलाल विश्वकर्मा, सचिव हरिदास मंडिक, श्री दिवे, वकील खान, रामदास मेहडोले सहित समस्त ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण वृद्धजन उपस्थित थे।