Home News Helpline Classified Jobs About Contact

फिक्की सैनिटेशन अवॉर्ड्स-2026 के अंतिम चरण में पहुंचा वॉश ऑन व्हील्स प्लस नवाचार

फिक्की सैनिटेशन अवॉर्ड्स-2026 के अंतिम चरण में पहुंचा वॉश ऑन व्हील्स प्लस नवाचार
देश
26-Jul-26
पद्म विभूषण डॉ. आर.ए. माशेलकर सहित मुख्य जूरी के समक्ष जिले के मॉडल का किया गया प्रस्तुतीकरण

छिंदवाड़ा

स्वच्छता एवं वॉश (जल, स्वच्छता और स्वच्छ व्यवहार) के क्षेत्र में छिंदवाड़ा जिले की अभिनव पहल वॉश ऑन व्हील्स प्लस ने फिक्की इंडिया सैनिटेशन कोएलिशन (आईएससी-फिक्की) सैनिटेशन अवॉर्ड्स-2026 के अंतिम चरण में जगह बना ली है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार ने 25 जुलाई को आयोजित मुख्य जूरी बैठक में जिले के इस नवाचार का ऑनलाइन माध्यम से प्रभावी प्रस्तुतीकरण किया।

मुख्य जूरी में देश के प्रख्यात वैज्ञानिक एवं पद्म विभूषण डॉ. आर.ए. माशेलकर सहित स्वच्छता एवं वॉश क्षेत्र के विशेषज्ञ शामिल थे। उनके समक्ष वॉश ऑन व्हील्स प्लस मॉडल की अवधारणा, विद्यालयों में स्वच्छता एवं पेयजल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, कौशल विकास, जल एवं स्वच्छता परिसंपत्तियों के सतत रखरखाव, सामुदायिक सहभागिता और व्यवहार परिवर्तन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रस्तुत किया गया। जूरी सदस्यों ने मॉडल की उपयोगिता और नवाचार की सराहना भी की।

गौरतलब है कि जिला पंचायत छिंदवाड़ा ने इससे पहले विभिन्न श्रेणियों में एग्जीक्यूटिव जूरी के समक्ष सफल प्रस्तुतीकरण दिया था, जिसके बाद उसे अंतिम मुख्य जूरी के लिए चयनित किया गया। वर्ष 2025 में भी वॉश ऑन व्हील्स पहल को फिक्की इंडिया सैनिटेशन कोएलिशन द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित वॉश ऑन व्हील्स प्लस पहल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की टंकियों की नियमित साफ-सफाई, घरेलू नल कनेक्शनों की मरम्मत, विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता सुविधाओं के रखरखाव तथा स्वच्छता व्यवहार परिवर्तन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

कलेक्टर हरेंद्र नारायण सिंह एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में संचालित यह नवाचार राष्ट्रीय स्तर पर छिंदवाड़ा जिले की विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहा है। अब जिले को फिक्की इंडिया सैनिटेशन कोएलिशन सैनिटेशन अवॉर्ड्स-2026 के अंतिम परिणाम का इंतजार है।
Share News On