विद्याभूमि के छात्र यथार्थ डेहरिया का म.प्र. अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन
खेल
02-Nov-26
70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में दिखाएंगे अपना हुनर

छिंदवाड़ा अपडेट
छिंदवाड़ा जिले के विद्याभूमि पब्लिक स्कूल के कक्षा 12वीं के होनहार छात्र यथार्थ डेहरिया पिता सुभाष डेहरिया ने अपनी उत्कृष्ट बल्लेबाजी एवं शानदार गेंदबाजी के दम पर मध्य प्रदेश की अंडर-19 क्रिकेट टीम में स्थान बनाकर जिले का नाम रोशन किया है।
आगामी 11 नवंबर 2026 से गाडरवाड़ा में आयोजित होने वाली 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट अंडर-19 (बालक) प्रतियोगिता में यथार्थ मध्य प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पूर्व आयोजित होने वाले प्री-नेशनल कैंप में भाग लेने के लिए यथार्थ 04 नवंबर 2026 से गाडरवाड़ा में अभ्यास करेंगे, जिसके लिए वे 03 नवंबर को छिंदवाड़ा से प्रस्थान करेंगे।
यथार्थ डेहरिया की इस शानदार उपलब्धि और म.प्र. टीम में चयन पर विद्याभूमि परिवार सहित जिले के खेल जगत में हर्ष की लहर है। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन डॉ. शेषराव यादव, विद्यालय प्रशासिका डॉ. विजया यादव, तकनीकी निदेशक विशेष यादव, विद्याभूमि क्लब के अध्यक्ष राजेश बोध, जिला शिक्षा अधिकारी जे. के. इडपाचे, जिला क्रीड़ा अधिकारी योगेश प्रसाद चौरिया एवं जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने यथार्थ को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं व्यक्त की हैं।