हाउस ड्रेस क्रय करने के मामले में प्रधानाध्यपक को नोटिस जारी
शिक्षा
02-Nov-26
प्रधानाध्यापक पर बच्चों से जबरदस्ती हाउस ड्रेस खरीदवाने के आरोप

छिंदवाड़ा अपडेट
विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय शुक्लुढाना के प्रधानाध्यापक को छात्रों पर हाउस ड्रेस क्रय करने के लिए दबाव बनाने के संबंध में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार, साप्ताहिक अखबार में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की गई है, जिसमें यह उल्लेख किया गया था कि विद्यालय के छात्रों को हाउस ड्रेस खरीदने के लिए बाध्य किया जा रहा है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रधानाध्यापक को 8 बिंदुओं पर 02 दिवस के भीतर स्वयं उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त न होने की स्थिति में प्रधानाध्यापक के विरुद्ध उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसके वे स्वयं उत्तरदायी होंगे। इस पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत छिंदवाड़ा तथा जिला शिक्षा अधिकारी को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है।