पेयजल संकट को लेकर शहर कांग्रेस और कांग्रेस पार्षद दल करेगा आंदोलन
राजनीति
02-Nov-26
कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस सेवादल की हुई बैठक, बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता हुए शामिल

छिन्दवाड़ा अपडेट
जिला मुख्यालय छिन्दवाड़ा व नगर पालिक निगम क्षेत्र में भाजपा शासित नगर पालिक निगम नियमित पेयजल उपलब्ध कराने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है। विगत एक वर्ष से शहर की जनता से नियमित व बढ़ा हुआ जलकर वसूला जा रहा है, लेकिन पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं है। जिसके विरोध में शहर कांग्रेस व कांग्रेस पार्षद दल के नेतृत्व में जल्द ही रैली व आंदोलन किया जाएगा।
आंदोलन व रैली को लेकर कांग्रेस के समस्त विभाग, प्रकोष्ठ व अनुसांगिक संगठनों की बैठकों में रणनीति बनाई जा रही है। इसी कड़ी में राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस सेवादल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला एवं नगर कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों सहित महिला सेवादल की टीम प्रमुख रूप से उपस्थित रही। शहर कांग्रेस कमेटी व कांग्रेस पार्षद दल द्वारा आयोजित विशाल रैली को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई। माननीय कमलनाथ जी एवं माननीय नकुलनाथ जी के कार्यकाल में छिन्दवाड़ा की जनता को कभी पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ा। नेताद्वय के प्रयासों से चंद दिनों में ही माचागोरा जलाशय से शहर तक पाइप लाइन बिछाकर पेयजल समस्या से निजात दिलाई गई, लेकिन वर्तमान में सत्तासीन केवल योजनाएं बना रहे हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी के कार्य. अध्यक्ष सुरेश कपाले ने कहा कि नियमित पेयजल आपूर्ति नागरिकों का बुनियादी अधिकार है। शहरवासियों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। विगत एक वर्ष से भाजपा के सांसद केवल आश्वासन दे रहे, लेकिन अभी तक पेयजल संकट को लेकर उन्होंने कोई समाधान नहीं निकाला। गत दिनों निगम में बैठक कर सांसद ने सिर्फ औपचारिकता निभाई है, लेकिन स्थाई समाधान आज भी उनके पास नहीं है। आंदोलन व रैली के माध्यम से कांग्रेस इस समस्या को प्रमुखता से उठाकर प्रशासन और नगर निगम से समाधान की मांग करेगी।
शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सोनू मागो ने कहा कि पेयजल समस्या से प्रभावित वार्डों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करना आवश्यक है। कांग्रेस के समस्त पार्षदों ने बढ़े हुए जलकर का विरोध किया, लेकिन भाजपा शासित नगर निगम ने अपनी हठधर्मिता अपनाते हुए जनता पर जलकर का बढ़े हुए टैक्स का बोझ डाला। जबकि जनता को नियमित पेयजल प्राप्त नहीं हो रहा पर टैक्स पूरा वसूला जा रहा है। माह में सिर्फ 10 से 15 दिन ही पेयजल आपूर्ति की जा रही है, लेकिन जनता से टैक्स पूरे 30 दिन का वसूला जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के हित में जल संकट से जूझ रही जनता की आवाज उठाना आवश्यक है।
निगम नेता प्रतिपक्ष श्रीमती हंसा अम्बर दाढ़े ने कहा कि कांग्रेस पेयजल संकट को लेकर निगम के जिम्मेदारों को अवगत कराते आ रही। ज्ञापन, आवेदन व निवेदन कर पेयजल संकट से निबटने के इंतजाम किए जाने का आग्रह करते आ रहे, लेकिन भाजपा शासित निगम नहीं जागा। आने वाले दिनों में पेयजल संकट और गहराएगा और उसके निदान के लिए अभी तक कोई ठोस इंतजाम नहीं है यह बड़े दुर्भाग्य की बात है।
आयोजित बैठक में जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष दीपक वाजपेयी, राकेश मरकाम, बलराम सिंह चौहान, महिला सेवादल अध्यक्ष डॉ. यास्मीन खान, गजेंद्र इंदौरकर, देशराज बारसकर, देवाकर बोरकर, मुन्ना दुर्वे, निशा गोया, विक्रम बंदेवार, सिंधु यादव, अंजली विनाती, महजबीन खान, विकास देहरिया, पप्पू पाल, त्रिमाकांत सातनकर, दुर्गेश उईके, गजानन खेरकर, सुरेश भावे और दीपक साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।