Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

तामिया कॉलेज में परीक्षाओं का जायजा लिया कुलगुरू त्रिपाठी ने

तामिया कॉलेज में परीक्षाओं का जायजा लिया कुलगुरू त्रिपाठी ने
छिंदवाड़ा
06-Jun-26
छिंदवाड़ा/तामिया

कुलगुरु डॉ. त्रिपाठी ने तामिया कॉलेज का किया निरीक्षण, परीक्षा व्यवस्थाओं पर संतुष्टि व्यक्त की
छिन्दवाडा  शासकीय महाविद्यालय तामिया में छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. इंद्र प्रसाद त्रिपाठी का औचक आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय में संचालित विश्वविद्यालयीन परीक्षाओं की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा परीक्षा केंद्र का भ्रमण कर परीक्षा संचालन की प्रक्रिया का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कुलगुरु ने परीक्षा कक्षों का अवलोकन करते हुए परीक्षा की पारदर्शिता, गोपनीयता एवं अनुशासन बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के उपरांत कुलगुरु ने महाविद्यालय में नियमानुसार एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही विश्वविद्यालयीन परीक्षाओं पर संतुष्टि व्यक्त की।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य श्री विजय सिंह सिरसाम ने कुलगुरु को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों, नियमित कार्यवाही, विद्यार्थियों की समस्याओं एवं उपलब्ध संसाधनों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कुलगुरु ने विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिये आवश्यक सुझाव भी प्रदान किए।

   

Share News On