सिंगोड़ी में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने दिए बूथ मजबूत करने के निर्देश
राजनीति
06-Jun-26
छिन्दवाड़ा
कांग्रेस की ब्लॉक स्तरीय बैठकों का दौर सतत रूप से जारी है। संगठनात्मक गतिविधियां, बूथ कमेटियों व पंचायत कमेटियों के गठन पर जोर दिया जा रहा हैं। सिंगोड़ी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की आयोजित बैठक में संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की गई साथ ही आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने हेतु निर्देशित किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपने सुझाव प्रस्तुत किए जिन पर अमल करने हेतु आश्वस्त किया गया।
सिंगोड़ी ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली बूथ कमेटियों के गठन की स्थिति पर चर्चा की गई। बूथ कमेटियों का गठन सभी स्थानों पर हुआ या नहीं, जहां नहीं हुई वहां तत्काल कमेटी गठन करने हेतु निर्देशित किया गया। आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए अमरवाड़ा विधानसभा प्रभारी लाखन पटेल ने कहा कि उन्हें अमरवाड़ा विधानसभा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा के साथ कर रहे हैं और आगे भी करेंगे। उन्होंने उपस्थित कांग्रेस के समस्त पदाधिकारियों से आग्रह किया कि पद का सम्मान करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। ताकि संगठन और अधिक मजबूत स्थिति में पहुंचे और हम सभी के प्रयासों का सार्थक परिणाम सामने आए।
आयोजित बैठक को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्नानाथ ओकटे, गुरूचरण खरे ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर सिंगोड़ी पर्यावेक्षक श्री शैलेन्द्र उर्फ शैलू सेंगर, ब्लॉक अध्यक्ष श्री आशीष जैन व महेश धुर्वे सहित समस्त मंडलम अध्यक्ष, बूथ प्रभारी व बीएलए सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।