सदस्यता अभियान को गति देने जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने ली बैठक
राजनीति
06-Jun-26
बिछुआ ब्लॉक महिला कांग्रेस की बैठक में दिए आवश्यक निर्देश
छिन्दवाड़ा
महिला कांग्रेस का डिजिटल सदस्यता अभियान जिलेभर में संचालित हो रहा है। महिलाएं नए सदस्यों को संगठन से जोड़कर कांग्रेस की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। महिला कांग्रेस के इस डिजिटल सदस्यता अभियान का हिस्सा जिले के दूरदराज की मातृशक्तियां भी बन रही है। अभियान को गति देने और समय से पूर्व सदस्यता अभियान को पूरा करने की मंशा को दृष्टिगत रखते हुए जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती सरला सिसोदिया श्रीवास्तव ने बिछुआ ब्लॉक महिला कांग्रेस की बैठक ली।
आयोजित बैठक में उपस्थित महिला नेत्रियों को सम्बोधित करते हुए महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीमती सरला सिसोदिया श्रीवास्तव ने कहा कि नेताद्वय के अलावा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे भी सतत रूप से सदस्यता अभियान की जानकारी ले रहे हैं। इसीलिये सभी गम्भीरता पूर्वक सदस्यता कराते हुए ब्लॉक महिला कांग्रेस एवं जिला महिला कांग्रेस परिवार का विस्तार करें, अधिक से अधिक मातृशक्ति को जोड़ें और उनके माध्यम से आम नागरिकों तक कांग्रेस की जनहितैषी विचारधारा को पहुंचाने का काम करें। उन्होंने उपस्थित समस्त महिला नेत्रियों से अधिक से अधिक संख्या में सदस्यता दिलाकर मातृशक्ति को महिला कांग्रेस से जोड़ने का आग्रह किया।
ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष आरती शर्मा ने संगठनात्मक विषयों की जानकारी साझा करते हुए बूथ पर महिला कांग्रेस की स्थिति, मजबूती और आगामी समय में संगठन को और अधिक सशक्त करने के लिए बनाई गई रणनीति प्रस्तुत की। ब्लॉक महिला कांग्रेस के द्वारा आयोजित किए गए कार्यक्रमों की जानकारी दी। आयोजित बैठक को महिला कांग्रेस की प्रभारी श्रीमती मंजू बैस ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष रानू डेहरिया, नगर अध्यक्ष संगीता पवार, पिंकी ढोके, पृथ्वीराज ठाकुर व इंद्रपाल पटेल सहित बड़ी संख्या में बिछुआ ब्लॉक महिला कांग्रेस की नेत्रियां उपस्थित रहीं।