Home News Helpline Classified Jobs About Contact

नगरीय निकाय चुनाव जनता के बीच कांग्रेस की परीक्षा: नकुलनाथ

नगरीय निकाय चुनाव जनता के बीच कांग्रेस की परीक्षा: नकुलनाथ
राजनीति
22-Jul-26
राजीव भवन में छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना कांग्रेस कमेटी के पर्यावेक्षक व प्रभारी की बैठक सम्पन्न

छिन्दवाड़ा

जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्ना के पर्यवेक्षक एवं प्रभारीगण की आयोजित बैठक में सम्मिलित हुए। उपस्थित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका पुष्पगुच्छ व पुष्पहार से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा के उपरांत श्री नाथ ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव वर्ष 2027 के जून माह में होंगे। इसके लिए सभी को अभी से तैयार होने की आवश्यकता है।

स्थानीय चुनाव नेताओं की नहीं कांग्रेस की परीक्षा होगी

उन्होंने आगे कहा कि नगरीय निकाय चुनाव केवल स्थानीय जनप्रतिनिधियों का चुनाव नहीं है। यह चुनाव जनता के बीच संगठन की पहुंच, विश्वसनीयता और सेवा के संकल्प की सच्ची परीक्षा भी है। चुनाव में जीत और हार एक अलग विषय है, क्योंकि निकाय चुनाव विधानसभा और लोकसभा चुनाव से बिल्कुल अलग है। स्थानीय मुद्दे, चुनाव में प्रत्याशी की जनता के बीच पूछ और परख बहुत मायने रखती है इसीलिये नगर पालिक निगम से लेकर नगर पालिका, नगर परिषद और नगर पंचायतों के साथ ही जिला, जनपद व ग्राम पंचायतों के चुनाव भी हमारे लिए उतने ही महत्वपूर्ण है जितने विधानसभा व लोकसभा चुनाव होते हैं। संगठन की जमीनी स्तर पर मजबूती की असली तस्वीर इन्हीं चुनावों से सामने आती है। इसीलिये हमें आज से अभी से पूरी गम्भीरता व लगन के साथ बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करते हुए तैयारियों में जुट जाना होगा।

हमारी तैयारियां जितनी मजबूत होगी जीत उतनी ही सुनिश्चित होगी

संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जनता से सतत संवाद को प्राथमिकता देते हैं, तो निश्चित रूप से कांग्रेस नगरीय निकाय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि हमारी तैयारियां जितनी मजबूत होगी, जीत उतनी ही सुनिश्चित होगी। उन्होंने आगे कहा कि मप्र में 413 नगरीय निकायों में चुनाव होने हैं, इनमें से 16 नगर निगम, 99 नगर पालिका व 298 नगर परिषद शामिल है। नगर निगम में महापौर और पार्षद के चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से होंगे यानी मतदाता सीधे अपने जनप्रतिनिधि चुनेंगे। इसीलिये आवश्यक है कि तैयारियों में किसी तरह की कमी व लापरवाही ना बरती जाए। आयोजित बैठक में छिन्दवाड़ा जिला कांग्रेस कमेटी व पांढुर्ना जिला कांग्रेस कमेटी के समस्त पर्यवेक्षक व प्रभारीगण उपस्थित रहे।  
Share News On