खुमकाल के ग्रामीणों ने कलेक्टर से की सीधी शिकायत
छिंदवाड़ा
10-Jun-26
कलेक्टर श्री नारायण ने अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
छिन्दवाडा
जुन्नारदेव की दूरस्थ ग्राम पंचायत खुमकाल में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री नारायन ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जन चौपाल में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एसडीएम जुन्नारदेव सुश्री कामिनी ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
चौपाल के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने ग्रामीणों को श्रम योगी मानधन योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिक इस योजना से जुड़कर वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्री नारायन ने ग्राम के स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से चर्चा कर उनके द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली।
जन चौपाल में ग्राम आराडोंगरी के ग्रामीणों ने कम वोल्टेज की समस्या से अवगत कराया। इस पर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शीघ्र ही फीडर सेपरेशन का कार्य प्रारंभ होने वाला है, जिसके पूर्ण होने के बाद विद्युत आपूर्ति में सुधार होगा और कम वोल्टेज की समस्या का समाधान हो जाएगा। ग्राम खुमकाल के ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला भवन की जर्जर स्थिति के बारे कलेक्टर श्री नारायन को अवगत करवाया । इस पर कलेक्टर श्री नारायन ने जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) को विद्यालय भवन की आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे।
ग्रामीणों द्वारा कुछ मार्गों पर सड़क निर्माण की आवश्यकता भी बताई गई। कलेक्टर श्री नारायन ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्थल का परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करते हुए प्रस्ताव तैयार करने तथा समस्या के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।