गरीब किसान का बेटा अब दिल्ली एम्स में करेगा डॉक्टर की पढ़ाई
छिंदवाड़ा
10-Sep-26
चौरई विकासखंड के ग्राम कलकोटी निवासी चंद्रप्रकाश पिता रामनंदन वर्मा का हुआ दिल्ली एम्स में चयन
दिल्ली एम्स में चयन करवाने के लिए सांसद बंटी विवेक साहू ने की मदद

छिन्दवाड़ा
हर दिन दुखियों की मदद के लिए हर दम तैयार रहने वाले संवदेनशील सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों का ही परिणाम है कि अब चौरई विकासखंड के छोटे से ग्राम कलकोटी निवासी गरीब किसान का बेटा अब दिल्ली एम्स में डॉक्टर की पढ़ाई कर सकेगा। सांसद श्री साहू के प्रयासों का ही परिणाम है कि ग्राम कलकोटी निवासी गरीब किसान रामनंदन वर्मा के छोटे पुत्र चंद्रप्रकाश वर्मा का चयन दिल्ली एम्स में डॉक्टर की पढ़ाई के लिए हो गया है। गुरूवार को सांसद कार्यालय पहुंचे चंद्रप्रकाश वर्मा ने दिल्ली एम्स में चयन होने पर सांसद बंटी विवेक साहू से दिल्ली प्रवास पर रहते हुए फोन पर ही बात कर आभार व्यक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि चौरई के ग्राम कलकोटी निवासी रामनंदन वर्मा जिनके पास मात्र डेढ़ एकड़ जमीन है जिसके भरोसे वे खेती किसानी करते हुए अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे है। रामनंदन वर्मा की 3 पुत्रियां और एक पुत्र चंद्रप्रकाश वर्मा है। चंद्रप्रकाश वर्मा ने बताया कि उन्होंने 12वीं तक की पढ़ाई डीपीमिश्रा स्कूल चौरई में की थी। जिसके बाद उन्होंने नर्सिंग की पढ़ाई के लिए देहरादून में एडमिशन कराया था। लेकिन वे बीच में ही नर्सिंग की पढ़ाई छोड़कर नीट की तैयारी करने छिन्दवाड़ा आ गए थे। चंद्रप्रकाश वर्मा ने बताया कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के ही नीट की तैयारी की और अपने प्रथम प्रयास में ही उन्होंने कुल 720 अंकों में से 618 अंक प्राप्त करते हुए मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया।
चंद्रप्रकाश वर्मा ने बताया कि उन्होंने नीट के रिजल्ट के बाद कॉलेज चयन के लिए फॉर्म भरा था। चूंकि उनका पूर्व से ही देहरादून के कॉलेज में नर्सिंग की पढ़ाई के लिए एडमिशन हो चुका था और उन्होंने अपना एडमिशन कैंसिंल नहीं कराया था। जिसके चलते कॉलेज चयन में उन्हें तकनीकी समस्या आ रही थी। तमाम प्रयासों के बाद भी उन्हें देहरादूर के कॉलेज से एनओसी नहीं मिल पा रही थी। चंद्रप्रकाश वर्मा ने बताया कि उन्होंने छिन्दवाड़ा में सांसद बंटी विवेक साहू से संपर्क करते हुए देहरादूर नर्सिंग कॉलेज से एनओसी दिलवाने के लिए सहायता मांगी थी जिसके बाद सांसद श्री साहू ने तत्काल ही देहरादून के नर्सिंग कॉलेज में संपर्क कर चंद्रप्रकाश वर्मा को देहरादून जाने आने की व्यवस्था करते हुए एनओसी लेने के लिए देहरादून रवाना किया था।
चंद्रप्रकाश वर्मा ने बताया कि देहरादून में उन्हें कॉलेज से एनओसी मिलने में समय लग रहा था चुंकि कॉलेज की अंतिम तिथी नजदीक आ गई थी, तो उन्होंने पुनः सांसद बंटी विवेक साहू से संपर्क कर देहरादून कॉलेज से एनओसी दिलवाने के लिए मदद मांगी। सांसद बंटी विवेक साहू ने पुनः देहरादून कॉलेज में संपर्क कर चंद्रप्रकाश वर्मा को तत्काल ही एनओसी देने के लिए कहा। चंद्रप्रकाश वर्मा को एनओसी मिलते ही उन्होंने तत्काल कॉलेज चयन के लिए फॉर्म भरा जिसके बाद उनका चयन दिल्ली एम्स में डॉक्टर की पढ़ाई के लिए हो गया है। चंद्रप्रकाश वर्मा ने दिल्ली एम्स में चयन करवाने के लिए मदद करने पर सांसद बंटी विवेक साहू का आभार व्यक्त किया है।