आदिवासी नृत्य टोली और आकर्षक झांकियों के साथ निकला यह चल समारोह
धर्म
10-Sep-26
पंरपरागत गुढ़ी यात्रा में शामिल हुए बड़ी संख्या में श्रद्धालु

छिंदवाड़ा
सार्वजनिक श्री पोला उत्सव समिति बरारीपुरा द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी पौराणिक व परंपरागत पोला पर्व अत्यंत भव्यता और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए सार्वजनिक पोला उत्सव समिति के संयोजक विजय पांडे ने बताया कि छिंदवाड़ा में विगत सात पीढ़ियों से कपाले परिवार द्वारा निकाली जा रही पारंपरिक गुढ़ी यात्रा को बीते 16 वर्षों से समिति द्वारा ऐतिहासिक स्वरूप दिया जा रहा है। इसी परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी भव्य चल समारोह और किसान सम्मान समारोह का सफल आयोजन किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर विक्रम अहके उपस्थित रहे, कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने की। वहीं विशिष्ठ अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद तिवारी एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे के साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता विनोद यदुवंशी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अजय सक्सेना सहित अन्य गणमान्य अतिथि मंच पर मौजूद रहे।
पोला पर्व के अवसर पर दोपहर 1 बजे श्री बगलामुखी माता मंदिर बरारीपुरा से भव्य चल समारोह (गुढ़ी यात्रा) प्रारंभ हुआ। ढोल-बाजे, अखाड़ा व्यायामशाला, आदिवासी नृत्य टोली और आकर्षक झांकियों के साथ निकला यह चल समारोह दास मोहल्ला, कुक्कन चौक, बड़ा गणपति, मराठी स्कूल, राज्यपाल चौक, संघ कार्यालय व पांडे नर्सिंग होम होते हुए मुख्य कार्यक्रम स्थल पोला ग्राउंड पहुँचा। चल समारोह में एडवोकेट श्री पीयूष शर्मा भगवान महादेव की सजीव झांकी के रूप में विशाल नंदी पर सवार रहे, वहीं जामवंत जी की सजीव झांकी, जय भवानी ग्रुप रोहनाकला के जांबाज करतब और श्री महाकाल ग्रुप के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत शिव तांडव व अघोरी नृत्य मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे।
मुख्य कार्यक्रम स्थल पोला ग्राउंड में गुढ़ी पूजन, किसान पूजन एवं बैल जोड़ी पूजन के साथ समारोह संपन्न हुआ। परंपरा अनुसार 16वें वर्ष के इस आयोजन में सुंदर साज-सज्जा वाली हृष्ट-पुष्ट बैल जोड़ियों और किसानों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार सुखदयाल चौरे (साख), द्वितीय पुरस्कार गेहरू उईके (सावलेवाड़ी) तथा तृतीय पुरस्कार पवन उईके (सावलेवाड़ी) को प्रदान किया गया। इसके साथ ही सांत्वना पुरस्कार सुभाष आलनकर (चंदनगांव) एवं सूर्यलाल पहाड़े (सोनपुर) को दिया गया। अतिथियों एवं समिति द्वारा विजेताओं को पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन तरुण जैन द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में सार्वजनिक श्री पोला उत्सव समिति बरारीपुरा द्वारा पधारे हुए सभी अतिथियों, नगरवासियों, मीडिया बंधुओं एवं किसान भाइयों का इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया गया।