7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, मुख्य कार्यक्रम दशहरा मैदान में
राजनीति
03-Oct-26
सभी बूथों के लाभार्थी होंगे शामिल, मंडल प्रभारियों ने बनाई विस्तृत कार्ययोजना

छिंदवाड़ा अपडेट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में निस्वार्थ जनसेवा और राष्ट्र समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 7 अक्टूबर को आयोजित होने वाली ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ की तैयारियों को लेकर जिले के सभी मंडलों में बैठकें आयोजित की गईं। जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, सांसद विवेक बंटी साहू एवं विधायक कमलेश शाह के मार्गदर्शन में मंडल प्रभारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर यात्रा की तैयारियों, सहभागिता और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की।
जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों, कस्बों और विधानसभा क्षेत्रों से बाइक रैलियों के रूप में सेवा ज्योति कलश यात्राएं निकाली जाएंगी, जो निर्धारित मार्गों से होते हुए जिला मुख्यालय पहुंचेंगी। इन यात्राओं का मुख्य कार्यक्रम स्थानीय दशहरा मैदान में आयोजित किया जाएगा। यहां सेवा कलश की स्थापना एवं सेवा ज्योति का प्रज्ज्वलन किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के सभी बूथों से लाभार्थी एवं भाजपा कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे।
मुख्य कार्यक्रम के दौरान सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, लाभार्थी एवं नागरिक शामिल होकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुनेंगे।
जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला ने कार्यकर्ताओं से यात्रा की तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूरा करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आवाहन किया। सांसद विवेक बंटी साहू ने सेवा और जनकल्याण के कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए संगठन और जनप्रतिनिधियों के बेहतर समन्वय के साथ अधिक से अधिक लाभार्थियों को मुख्य कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ सेवा, सुशासन और राष्ट्र समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का सभी मंडलों एवं बूथों पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय सहभागिता के साथ यात्रा को सफल बनाने का आग्रह किया। विधायक कमलेश शाह ने भी कार्यकर्ताओं से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से निकलने वाली यात्राओं में अधिक से अधिक नागरिकों और लाभार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक एवं जिला महामंत्री कमलेश उइके ने सभी मंडलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से सेवा ज्योति कलश यात्रा में अधिक से अधिक लाभार्थियों की सहभागिता को सुनिश्चित कर कार्यक्रम में पहुंचने का आग्रह किया।
मंडल प्रभारियों द्वारा बैठकों में यात्रा के मार्ग, कार्यकर्ताओं की सहभागिता, लाभार्थियों की उपस्थिति, सेवा कलश की व्यवस्था तथा दशहरा मैदान में होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। यात्रा को लेकर जिलेभर में कार्यकर्ताओं में उत्साह है और सभी बूथों से लाभार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।