Home News Helpline Classified Jobs About Contact

सरकार के संकल्प ने थमायी सांसद और कलेक्टर के हाथों में झाडू

सरकार के संकल्प ने थमायी सांसद और कलेक्टर के हाथों में झाडू
लेख
04-Oct-26
समीक्षक: राम कुमार विश्वकर्मा

जिनके घरों में पानी तक पिलाने के लिए नौकर लगे हों और जहां वे बैठते हैं वहीं चाय, पानी, नाश्ता, भोजन सभी कुछ बिना एक कदम चले मिल जाता हो ऐसे बड़े अधिकारी और जनप्रतिनिधियों को प्रदेश सरकार के एक अभियान ने हाथों में झाडू थमाकर शहर की सड़क साफ करा दी। इसके पहले कितनी सरकारें आई और गई लेकिन मजाल है किसी सांसद और किसी कलेक्टर ने अपने हाथों से शहर की सड़कों पर झाडू लगाई हो लेकिन ये नजारा दिखाई दिया 2 अक्टूबर को जब सांसद, कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, नगर निगम आयुक्त से लेकर सत्तासीन पार्टी के जिलाध्यक्ष, कार्यकर्ता और नेतागणों ने शहर की सड़क पर झाडू लगाई।

अच्छे काम के लिए सड़क पर उतरने की दी सीख

ये कोई मामूली बात नहीं है कि प्रतिदिन जो जनप्रतिनिधि और अधिकारी सैकड़ों लोगों को आदेश देते हैं उन्हें एक अभियान ने सडकों पर झाडू लगाने मजबूर कर दिया। इसके लिए प्रदेश सरकार के मुखिया मुख्यमंत्री मोहन यादव को धन्यवाद देना चाहता हूं। स्वयं मुख्यमंत्री ने भी इस अवसर पर हाथों में झाडू लेकर राजधानी में सड़क साफ की। भले ही यह औपचारिक हो लेकिन महत्वपूर्ण इसलिए है क्योंकि बड़ों-बड़ों को अच्छे कामों के लिए सड़क पर उतरने की सीख देता है यह सेवा संकल्प अभियान। इसी सेवा संकल्प अभियान के कारण आदायदायक एयरकंडीशन कमरों से बाहर निकलकर कलेक्टर और उनकी पूरी प्रशासनिक टीम प्रति सप्ताह ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीणों की समस्याएं सुनने जा रही है और कलेक्टर स्वयं अपनी आखों से देख और कानों से सुन रहे हैं कि उनके अधीनस्थ कर्मचरियों की फौज जनता के प्रति कितनी ईमानदारी से काम कर रही है और आम जनता के साथ कैसा व्यवहार कर रही है।

प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ईमानदार पहल पर टिकी है सफलता

सेवा संकल्प अभियान ने सत्तासीन पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक को जनता की सेवा के लिए मैदान में जाने को मजबूर कर दिया है। सरकार हो तो ऐसी कहना उचित ही होगा। मैंने अपनी पत्रकारिता के इतने लंबे समय में पहली बार देखा है कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन दोनों एक साथ जनता की समस्याओं को जानने और सुलझाने के लिए दूरस्थ गांवों तक पहुंच रही है। प्रदेश सरकार के सेवा संकल्प अभियान की सफलता प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ईमानदार पहल पर टिकी है। दोनों ने ईमानदारी से कार्य किया तो जनता की कई जमीनी स्तर की समस्याएं हल हो जाएगी जिसका फायदा सत्तारूढ़ पार्टी, जनता और प्रशासन तीनों को मिलेगा लेकिन इस कार्यक्रम को भी औपचारिक बना दिया गया तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि सरकार कितनी भी ईमानदारी से काम करना चाहे लेकिन जमीनी स्तर पर काम करने वाले जिम्मेदार अच्छे अच्छे अभियानों को जमीन में मिला देते हैं।





Share News On