छिंदवाड़ा-पांढुर्णा के सैकड़ो शिक्षकों ने भोपाल पहुंचकर किया धरना प्रदर्शन
छिंदवाड़ा
04-Oct-26
छिंदवाड़ा अपडेट

अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा, राज्य शिक्षक संघ के तत्वाधान में 27 सितंबर से भोपाल के नीलम पार्क में संभागवार अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन चल रहा है । इसके लिए संभागवार स्कूलों के शिक्षक सामूहिक अवकाश लेकर इसमें शामिल हो रहे हैं । जिले के शिक्षकों ने भी इस धरना में शामिल होकर आज 4 अक्टूबर को नीलम पार्क भोपाल में जोरदार धरना प्रदर्शन किया ।
अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा की पदाधिकारी श्रीमती किरण शर्मा ने बताया कि 4 अक्टूबर को भोपाल में जबलपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले जिले के शिक्षकों ने भारी संख्या में पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। इस धरना प्रदर्शन के जरिए हमारी प्रमुख मांग प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवा अवधि की गणना कर ग्रेच्युटी, अवकाश नगदीकरण एवं अन्य वित्तीय स्वत्वों तथा पेंशन का लाभ प्रदान करने की मांग रखी गई। इसके अलावा सेवारत शिक्षकों को लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने, विसंगतिपूर्ण अटेंडेंस व्यवस्था समाप्त करने, संवर्ग की अन्य समस्याओं एवं मांगों को शासन प्रशासन के समक्ष रखा गया। श्रीमती किरण शर्मा ने बड़ी संख्या में धरना प्रदर्शन में सम्मिलित होने के लिए छिदंवाड़ा जिले के सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया है ।