मधुवन कॉलोनी गायत्री शक्तिपीठ में गूंज रहा प्रज्ञा पुराण का अमृत
छिंदवाड़ा
03-Nov-26
5 नवंबर तक चलेगी कथा

छिंदवाड़ा अपडेट
अखिल विश्व गायत्री परिवार के मार्गदर्शन में गायत्री शक्तिपीठ, मधुवन कॉलोनी छिंदवाड़ा में श्रीमद् प्रज्ञा पुराण कथा अमृत एवं पाँच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन जारी है। कथा 1 नवंबर से प्रारंभ होकर 5 नवंबर तक चलेगी। कथा व्यास वाराणसी से पधारे पं. अनिलेश तिवारी जी ने प्रथम दिवस प्रज्ञा पुराण के रहस्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रज्ञा पुराण क्या है, कहाँ से आई और इसकी रचना की प्रेरणा किसने दी।
उन्होंने बताया कि यह संपूर्ण कथा भगवान विष्णु और देवर्षि नारद के संवाद पर आधारित है। मानव के मन की शांति और जीवन की समस्याओं के समाधान हेतु विष्णु जी द्वारा नारद जी को सुनाई गई इस कथा को नारद जी की प्रेरणा से दादा गुरुदेव सर्वेश्वरानंद जी पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने कलियुग में सभी जनमानस के कल्याण के लिए रचित किया।
कथा में वेद परम्परा को आगे बढ़ाने वाले समस्त ऋषियों महर्षि पिप्पलाद, महर्षि कण्व, महर्षि भरद्वाज, महर्षि वाल्मीकि सहित अन्य ऋषियों के लोक-शिक्षण प्रसंगों का वर्णन किया गया। बताया गया कि किस प्रकार ऋषियों ने संसद की तरह संवाद सत्र चलाकर लोक कल्याण के लिए कथा-कहानियों के माध्यम से ज्ञान दिया। पं. अनिलेश तिवारी जी ने कहा कि रामकथा, कृष्ण कथा, भागवत एवं समस्त पुराणों की तरह ही प्रज्ञा पुराण का मुख्य उद्देश्य है कि हर कथा के पीछे विवेक जागे, समझदारी आए और व्यक्ति शिक्षा लेकर अपने जीवन में सुधार करे, जिससे सुसंस्कृत समाज और युग निर्माण हो सके।
भव्य दीप यज्ञ कल
आयोजन समिति के अनुसार कल भव्य दीप यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के मुख्य आयोजक नन्हैलाल जी सूर्यवंशी, सचिन सूर्यवंशी, समस्त सूर्यवंशी परिवार हैं। गायत्री परिवार छिंदवाड़ा के सभी सहयोगी कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर कथा का लाभ लेने की अपील की है।