आईपीएल क्रिकेटर मंगेश यादव का विद्याभूमि स्कूल ने किया सम्मान
शिक्षा
03-Nov-26
आरसीबी में चयन पर गदगद हुए छात्र

छिंदवाड़ा अपडेट
क्रिकेट की दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले सौंसर के उदीयमान क्रिकेटर और आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) की टीम में चयनित होने वाले मंगेश यादव का उनके गृह नगर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इसी कड़ी में छिंदवाड़ा के प्रतिष्ठित संस्थान विद्याभूमि पब्लिक स्कूल में मंगेश का पारंपरिक और उत्साहपूर्ण तरीके से सम्मान किया गया।
गाजे-बाजे और आतिशबाजी के साथ हुआ स्वागत
वर्तमान में छिंदवाड़ा प्रवास पर आए मंगेश यादव को विद्याभूमि पब्लिक स्कूल में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। शाला प्रांगण में पहुंचते ही समस्त छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उनका तिलक लगाकर, पुष्पवर्षा, गाजे-बाजे और पटाखों की गूँज के बीच ऐतिहासिक स्वागत किया। इस दौरान स्कूल के बच्चों में अपने चहेते क्रिकेटर के साथ सेल्फी लेने और ऑटोग्राफ पाने की होड़ सी मची रही।
शाल-श्रीफल से किया गया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रशासिका डॉ. विजया यादव, प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ द्वारा मंगेश यादव को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। प्रशासिका डॉ. विजया यादव ने अपने संबोधन में कहा कि खेल के क्षेत्र में अपनी कड़ी मेहनत से मुकाम हासिल करने वाले मंगेश, स्कूल के विद्यार्थियों के लिए एक सच्चे प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने मंगेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शीघ्र ही भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
एमपीसीएल से लेकर आरसीबी तक का सफर
उल्लेखनीय है कि मंगेश यादव ने मध्य प्रदेश लीग में लगातार तीन वर्षों तक शानदार प्रदर्शन कर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनके इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन आईपीएल की लोकप्रिय फ्रेंचाइजी रॉयल चौलेंजर्स बेंगलुरु में हुआ है, जिससे पूरे छिंदवाड़ा जिले और मध्य प्रदेश का नाम रोशन हुआ है।
छात्रों को दिए सफलता के मूलमंत्र
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मंगेश यादव ने कहा कि जीवन के किसी भी क्षेत्र में चाहे वह पढ़ाई हो या खेल अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि पूरी लगन, मेहनत और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ा जाए, तो सफलता निश्चित तौर पर मिलती है।
इस दौरान एक अनौपचारिक चर्चा में मंगेश ने याद किया कि अपने स्कूली दिनों के शुरुआती दौर में जब वे क्रिकेट के गुर सीख रहे थे, तब उन्हें विद्याभूमि के खेल शिक्षक एवं जाने-माने क्रिकेट कोच असलम खान से अमूल्य मार्गदर्शन और प्रशिक्षण प्राप्त हुआ था। कार्यक्रम के अंत में मंगेश ने हाथ हिलाकर सभी विद्यार्थियों का अभिवादन किया और स्कूल के उभरते क्रिकेट सितारों को खेल के जरूरी गुर सिखाए।