ट्राइबल विभाग का कर्मचारी 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
छिंदवाड़ा
03-Nov-26
छिंदवाड़ा कलेक्ट्रेट में लोकायुक्त का छापा

छिंदवाड़ा अपडेट
जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ट्राइबल (आदिवासी विकास) विभाग के कार्यालय में लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने विभाग के एक कर्मचारी को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय ठेकेदार (मिश्रा) ने लोकायुक्त कार्यालय, जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि ट्राइबल विभाग में उनके लंबित बिलों के भुगतान या अन्य शासकीय प्रक्रिया के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कलेक्ट्रेट कार्यालय में दबिश दी।
लोकायुक्त टीम को देखते ही कूलर में फेंका लिफाफा
जैसे ही लोकायुक्त टीम ट्राइबल विभाग के कार्यालय में दाखिल हुई, वहां मौजूद कर्मचारी ललित अहिरवार हड़बड़ा गया। बचने की कोशिश में उसने आनन-फानन में रिश्वत की रकम से भरा हुआ लिफाफा पास ही रखे कूलर के अंदर फेंक दिया। हालांकि, सतर्क लोकायुक्त टीम की नजर तुरंत उसकी इस हरकत पर पड़ गई।
कूलर से बरामद हुए 4 हजार रुपये
लोकायुक्त टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कूलर की तलाशी ली, जहां से रिश्वत की राशि से भरा लिफाफा बरामद कर लिया गया। लिफाफे में करीब 4 हजार रुपये नकद पाए गए। टीम ने मौके पर ही आरोपी कर्मचारी को अपनी हिरासत में ले लिया और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस अचानक हुई कार्रवाई से कलेक्ट्रेट परिसर और अन्य विभागों के कर्मचारियों में खलबली मच गई। लोकायुक्त टीम द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ की गई इस सख्त कार्रवाई की शहर में खासी चर्चा है।