Home News Helpline Classified Jobs About Contact

जितना जल, उतना ही कर सहित अन्य मांगों को लेकर कांग्रेस की रैली आज

जितना जल, उतना ही कर सहित अन्य मांगों को लेकर कांग्रेस की रैली आज
राजनीति
03-Nov-26
शहर कांग्रेस व कांग्रेस पार्षद दल के तत्वावधान में राजीव भवन से कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे कांग्रेसजन

ठप पड़ी पेयजल आपूर्ति व जल संकट से जूझ रही जनता के लिए मांगेंगे पर्याप्त पानी

कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी विभिन्न मांगों का सौंपेंगे ज्ञापन

छिन्दवाड़ा अपडेट

04 नवम्बर बुधवार को कांग्रेस भाजपा शासित नगर पालिक निगम की अव्यवस्थाओं के खिलाफ हुंकार भरेगी। रैली निकालकर जनता के लिए नियमित व शुद्ध पेयजल आपूर्ति की मांग करने के साथ ही अन्य आवश्यक मांगों का ज्ञापन कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा जाएगा।

शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि दोपहर 12.30 बजे राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से शहर कांग्रेस कमेटी व कांग्रेस पार्षद दल के तत्वावधान में जल संकट से ननि क्षेत्र की जनता को निजात दिलाने की मांग को लेकर रैली निकाली जाएगी। रैली जिला अस्पताल, सिटी कोतवाली, अनगढ़ हनुमान मंदिर, महात्मा गांधी चौक से एक्सीलेंस स्कूल के बाजू से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेगी। आयोजित रैली में जिला कांग्रेस सहित कांग्रेस के समस्त विभाग, प्रकोष्ठ, अनुसांगिक संगठन व मोर्चा संगठन के पदाधिकारीगण व कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कांग्रेस के समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि निर्धारित समय से राजीव भवन पहुंचकर रैली में शामिल होकर जनहित में आवाज उठाएं।

श्री मागो ने आगे कहा कि जलसंकट से जूझ रही जनता को भाजपा शासित नगर निगम से पानी की जगह सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं। कांग्रेस अपने ज्ञापन के माध्यम से ना केवल जनता की मांग प्रशासन के समक्ष रखेगी साथ ही आवश्यक सुझाव भी रखेगी ताकि इस विपदा के समय में जनता को आवश्यकतानुसार पर्याप्त व नियमित शुद्ध पेयजल की आपूर्ति मिल सके। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी व नकुलनाथ जी के कार्यकाल में भी इस तरह की स्थिति निर्मित हुई थी, किन्तु उनकी दूरगामी सोच और कार्यकुशलता से शहर पेयजल संकट के चपेट में आने बच गया था, क्योंकि नेताद्वय ने समय से पूर्व ही माचागोरा जलाशय से छिन्दवाड़ा तक पाइप लाइन बिछवा दी थी, वर्तमान में सिर्फ कागजों पर काम हो रहा है, जमीन खाली है।
Share News On