पूर्व सांसद नकुलनाथ ने की विधायकों से चर्चा
राजनीति
03-Nov-26
किसानों व जन समस्याओं के निराकरण के लिए कांग्रेस एकजुटता के साथ करेगी संघर्ष

छिन्दवाड़ा अपडेट
जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ जी ने कांग्रेस के विधायकगणों से छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले के जनहित के विषयों पर विस्तार से चर्चा की। वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य के साथ ही प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली के साथ ही आगामी समय में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव व नगरीय निकाय चुनाव को लेकर रणनीति बनाई गई। दोनों ही जिलों में थमे हुए विकास के कार्यों पर गहन चर्चा की।
छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले के विधायक सोहन वाल्मीकि, विजय चौरे, सुनील उइके, सुजीत चौधरी व निलेश उइके ने नकुलनाथ जी से उनके दिल्ली स्थित कार्यालय में आत्मीय भेंट की। इस दौरान जिले में घटित राजनीतिक व प्रशासनिक घटनाक्रमों पर चर्चा करते हुए प्रशासनिक तंत्र का सत्ता से प्रेरित होकर कार्य करना और निष्पक्ष नहीं होने जैसी बातें भी विधायकगणों ने नकुलनाथ जी के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि मप्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ जी के कार्यकाल में मंजूर बहूउपयोगी योजनाएं व परियोजनाएं जिससे छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले की तस्वीर तेजी से बदलती उनका कार्य राशि के अभाव में अधूरा है या फिर द्वेष भावना से प्रारंभ नहीं किया गया। इससे सीधे तौर पर जिले का आर्थिक नुकसान हुआ है, किसान भाइयों से लेकर आमजन की समस्याएं बढ़ गई है।
विधायकगणों के साथ हुई बैठक में नकुलनाथ जी ने आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव व नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के साथ ही जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता से उठाकर उनका निराकरण अवश्य कराएं। वर्तमान और भविष्य की बदलती हुई राजनीतिक तस्वीर, जनता की समस्याएं और उनके निदान पर जारी कांग्रेस के संघर्षों पर उन्होंने सार्थक चर्चा की।