युवाओं को समाज सेवा और आपदा प्रबंधन का दिया संदेश
छिंदवाड़ा
03-Nov-26
‘माय भारत’ के 6 दिवसीय अभिमुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ समापन,

छिंदवाड़ा अपडेट
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित ‘माय भारत’ के तत्वावधान में अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी और मंडला जिलों के युवाओं के लिए आयोजित 6 दिवसीय अभिमुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन अशोक लीलैंड ड्राइवर ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट, छिंदवाड़ा में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का समापन समारोह होम गार्ड कमांडेंट श्रीमती स्नेह लता पाठ्या के मुख्य आतिथ्य, जिला युवा अधिकारी उमंग जैन की विशेष उपस्थिति में हुआ।
युवाओं को दी गई समाज और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि होम गार्ड कमांडेंट स्नेह लता पाठ्या ने उपस्थित स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे अपनी क्षमताओं का पूर्ण विकास करें, युवा मंडलों को सशक्त बनाएं और समाज को एक नई दिशा देने में अपना सक्रिय सहयोग दें। इसके साथ ही उन्होंने आपदा के समय सभी स्वयंसेवकों को पीड़ित मानवता की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने और आगे आने की अपील की।
प्रशिक्षण के दौरान इन महत्वपूर्ण विषयों पर हुई चर्चा
‘माय भारत’ के ओ.एस.डी. सी.आर. जंघेला ने 6 दिवसीय प्रशिक्षण की रूपरेखा और गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण सत्रों के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठित वक्ताओं द्वारा प्रतिभागियों को व्यक्तित्व विकास एवं नेतृत्व क्षमतावर्धन, केंद्र व राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाएं एवं माय भारत के कार्यकलाप, जल संरक्षण, जैविक खेती एवं मीडिया प्रबंधन, युवा मंडल की भूमिका, गठन प्रक्रिया एवं सफलता के सूत्र, युवाओं को रचनात्मक कार्यों से जोड़ना एवं संगठनात्मक विषय पर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों के कर-कमलों द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण सफलता के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर विभिन्न जिलों से आए युवा स्वयंसेवक और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।