सरकारी भूमि में बने अवैध मकानों को नगर निगम ने ढहाया
छिंदवाड़ा
26-Feb-26
छिन्दवाडा
वार्ड क्रमांक 9, खेरी भोपाल क्षेत्र में शासकीय भूमि पर बनाए गए अवैध मकानों के विरुद्ध निगम अमले ने पुलिस प्रशासन के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। जानकारी के अनुसार मोहरली चौक से लहगड़ुआ जाने वाले मार्ग पर पहाड़ी मद की जमीन पर कब्जा कर कुछ लोगों द्वारा मकानों का निर्माण कर लिया गया था। मामले की शिकायत मिलने के बाद राजस्व विभाग एवं नगर निगम विभाग द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया, जिसमें निर्माण अवैध पाए गए।

पटवारी ने पंचनामा तैयार करते हुए अधिकारियों को अवगत कराया था इसके पश्चात नियमानुसार संयुक्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार, नगर निगम के सहायक यंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी श्री ब्रजेश पांडेय सहित निगम का अमला मौजूद रहा। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।