Home News Helpline Classified Jobs About Contact

जिला जेल में रंग-बिरंगे खिलौने देख खिल उठे नन्हे चेहरे

जिला जेल में रंग-बिरंगे खिलौने देख खिल उठे नन्हे चेहरे
छिंदवाड़ा
22-Jul-26
रोटरी क्लब ने महिला बंदियों के बच्चों संग बांटी खुशियां

छिंदवाड़ा

जेल की ऊंची दीवारों के भीतर भी बचपन मुस्कुराता है। बुधवार को जिला जेल के महिला बंदी वार्ड में ऐसा ही भावुक और खुशी से भरा दृश्य देखने को मिला, जब रोटरी क्लब ऑफ छिंदवाड़ा के सदस्य नन्हे बच्चों के लिए खिलौने और अन्य सामग्री लेकर पहुंचे। रंग-बिरंगे खिलौनों को देखते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उनकी मासूम मुस्कान ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया।

जिला जेल अधीक्षक प्रतीक जैन की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में महिला बंदियों के साथ रह रहे छोटे बच्चों के लिए विशेष रूप से खिलौने भेंट किए गए। जेल अधीक्षक ने रोटरी क्लब के असिस्टेंट गवर्नर रोटे विनोद तिवारी से चर्चा करते हुए इन बच्चों के लिए सामाजिक सहभागिता की आवश्यकता बताई थी। इसके बाद रोटरी क्लब ने अपने हैप्पी प्रोजेक्ट के तहत इस पहल को साकार किया।

रोटरी क्लब के सदस्य रोटे निलेश गुप्ता अपनी पुत्री आरोही के जन्मदिन के अवसर पर बच्चों के लिए उपहार स्वरूप खिलौने लेकर जिला जेल पहुंचे। उन्होंने कहा कि जन्मदिन का इससे बेहतर और यादगार अवसर उनके लिए कोई नहीं हो सकता। पिछले वर्ष उन्होंने दिव्यांग बच्चियों के बीच खुशियां बांटी थीं और इस बार महिला बंदियों के बच्चों के बीच यह आयोजन किया गया।

रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोटे विनित पटौदी ने कहा कि समाज अपराधमुक्त हो, यही सभी की कामना है। यदि किसी कारणवश व्यक्ति जेल तक पहुंच भी जाए, तो उसे अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास करना चाहिए।

जेल अधीक्षक प्रतीक जैन ने बताया कि महिला बंदियों के बच्चों के लिए जल्द ही एक विशेष कक्ष तैयार किया जाएगा, जिसमें खिलौनों और मनोरंजन से जुड़ी सामग्री रखी जाएगी, ताकि बच्चे बेहतर वातावरण में अपना समय व्यतीत कर सकें। इस अवसर पर रोटरी क्लब के सदस्यों ने जिला जेल के बंदियों द्वारा निर्मित 10 पोर्टेबल बर्ड हाउस भी खरीदे। कार्यक्रम में रोटे विनोद तिवारी, रोटे विनित पटौदी, रोटे निलेश गुप्ता, रोटे जयेश गुप्ता, रोटे अमित मक्कड़, रोटे अरविंद अग्रवाल, रोटे निलेश लाठ एवं रोटे नंदकिशोर सहित अन्य रोटेरियन सदस्य उपस्थित रहे।
Share News On