देहात पुलिस ने नशा मुक्ति अभियान के तहत दिलाई गई शपथ
छिंदवाड़ा
22-Jul-26
छिंदवाड़ा

22 जुलाई बुधवार को थाना देहात पुलिस द्वारा परासिया रोड स्थित विशु नगर में नशे से दूरी है जरूरी 2.0 नशा मुक्ति अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं आमजन ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज को खोखला कर देता है। उन्होंने नागरिकों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार के किसी भी सदस्य को नशे की लत से बचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस दौरान सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में नागरिकों को समाज और राष्ट्र को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूक किया गया तथा जीवन में कभी भी किसी प्रकार का नशा नहीं करने का संकल्प दिलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ जनभागीदारी ही इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत है। इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, सहायक उपनिरीक्षक नितेश ठाकुर एवं आरक्षक सूरज सिंह चौहान सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।