देहात थाना प्रभारी ने बताए नशे के दुष्परिणाम
छिंदवाड़ा
23-Jul-26
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में किया जागरूकता कार्यक्रम

छिंदवाड़ा
जिले में चलाए जा रहे नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत गुरुवार को थाना देहात पुलिस ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), खजरी चौक में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। थाना देहात पुलिस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित प्रशिक्षुओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को जीवन में कभी भी किसी प्रकार का नशा नहीं करने तथा अपने परिवार के किसी सदस्य को भी नशे की लत से दूर रखने की शपथ दिलाई गई। साथ ही समाज और राष्ट्र को नशामुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत ने अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं में जागरूकता पैदा कर ही नशे जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक नितेश ठाकुर एवं आरक्षक अशोक रघुवंशी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान जिले में निरंतर जारी है।