Home News Helpline Classified Jobs About Contact

शिक्षक समाज के निर्माता, उनका सम्मान हमारी संस्कृति की पहचान: अनुसुईया उइके

शिक्षक समाज के निर्माता, उनका सम्मान हमारी संस्कृति की पहचान: अनुसुईया उइके
छिंदवाड़ा
06-Sep-26
शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षकों, खिलाड़ियों एवं नगर निगम कर्मियों का सम्मान

छिंदवाड़ा/जुन्नारदेव

शिक्षक दिवस के अवसर पर स्वयं सामाजिक कल्याण एवं विकास समिति, जुन्नारदेव के तत्वावधान में भव्य एवं गरिमामय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। संस्था अध्यक्ष श्रीमती अर्चना माहोरे डॉ मीरा पराड़कर एवं आयशा लोधी के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में शिक्षा, संस्कार, सेवा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूर्व राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके एवं गर्ल्स कॉलेज की पूर्व प्राचार्य श्रीमती कांत वर्मा विशेष रूप से उपस्थित थे। 

समारोह में दिव्यांग शिक्षकों, ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे शिक्षकों, खिलाड़ियों को मार्गदर्शन प्रदान करने वाले शिक्षकों तथा नगर निगम के कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। संस्था द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले इन व्यक्तित्वों को सम्मानित कर शिक्षा, सेवा और समर्पण के महत्व का संदेश दिया गया।

“शिक्षक केवल ज्ञान नहीं, जीवन की दिशा देते हैं”: अनुसुईया उइके

पूर्व राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक केवल किताबों का ज्ञान देने वाले नहीं होते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य का निर्माण करते हैं। एक शिक्षक की सीख और मार्गदर्शन का प्रभाव विद्यार्थी के पूरे जीवन पर रहता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कठिन परिस्थितियों में अपनी सेवाएं देने वाले शिक्षकों का सम्मान उनके समर्पण को नमन करने का अवसर है। शिक्षक का सम्मान वास्तव में ज्ञान, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की भावना का सम्मान है। उन्होंने संस्था द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित करने की पहल की सराहना की।

दिव्यांग बच्चियों एवं नूपुर संस्था की बच्चियों की प्रस्तुति ने बांधा समां

समारोह में दिव्यांग बच्चियों द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहीं नूपुर संस्था की बच्चियों ने गुरु की महिमा पर आधारित मनमोहक प्रस्तुति देकर समारोह को विशेष बना दिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु-शिष्य परंपरा, सम्मान और संस्कारों का सुंदर संदेश दिया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन, आराधना शुक्ला, शबाना यासमीन, मोहम्मद इस्माइल कुरैशी, शरद कुशवाहा, सेवंती पटेल ,विनीता नेटी डॉ सविता, दिलीप मकड़े, विजय दुबे, आदि का विशेष सहयोग रहा।
Share News On