सनातन धर्म की वास्तविक अलख जगा रहा सुन्दरकाण्ड ग्रुप
छिंदवाड़ा
26-Feb-26
प्रभात फेरी और राम नाम जप से जुड़ रहे आस्थावान
छिंदवाड़ा।
जहाँ एक ओर धर्म के नाम पर दिखावे और औपचारिकता का दौर देखने को मिलता है, वहीं दूसरी ओर श्री सुन्दरकाण्ड ग्रुप निरंतर, निस्वार्थ और समर्पित भाव से सनातन संस्कृति के संरक्षण और विस्तार का कार्य कर रहा है। यह केवल एक धार्मिक समूह नहीं, बल्कि जिले में आध्यात्मिक जागरण का सशक्त अभियान बन चुका है।

विगत कई वर्षों से प्रत्येक शनिवार अखण्ड सुन्दरकाण्ड पाठ, राम नाम जाप एवं प्रभातफेरी के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को धर्म से जोड़ने का जो सतत प्रयास किया जा रहा है, वह अपने आप में अद्वितीय और प्रेरणादायी है। ग्रुप के प्रमुख अधिवक्ता शुभम कसार ने विशेष चर्चा में बताया कि संगठन का मूल उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि जनमानस में धर्म के प्रति आस्था, अनुशासन, संस्कार और सामाजिक एकता का संचार करना है। शुभम कसार ने कहा कि सच्चा धर्म वही है जो समाज को जोड़े, युवाओं को संस्कार दे और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध जागृत करे।
आगामी रामनवमी के पावन अवसर पर तीन दिवसीय भव्य रामजन्मोत्सव का आयोजन प्रस्तावित है। इसकी तैयारियों के अंतर्गत मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी प्रभातफेरी “सनातन यात्रा” निरंतर आगे बढ़ रही है, जो विभिन्न वार्डों से होती हुई खजरी क्षेत्र तक पहुँच चुकी है। प्रत्येक वार्ड में हनुमान चालीसा पाठ, भजन-कीर्तन एवं धर्म जागरण के संदेश के साथ वातावरण भक्तिमय बनाया जा रहा है।
शुभम कसार ने कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति या व्यक्तिगत प्रचार नहीं, बल्कि वास्तविक सेवा ही संगठन की पहचान है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि वे केवल बैनर और होर्डिंग तक सीमित न रहें, बल्कि धर्म कार्यों में सहभागी बनें या जो कार्य कर रहे हैं उनका सहयोग करें।
शुभम कसार ने आगे बताया कि रामनवमी के दिन सायं 4 बजे आयोजित होने वाली विशाल शोभायात्रा ऐतिहासिक होगी, जिसमें जिले भर से श्रद्धालुओं की सहभागिता अपेक्षित है। यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि सनातन अस्मिता और सांस्कृतिक गौरव का महापर्व होगा।
समाज में सकारात्मक परिवर्तन, युवाओं में आध्यात्मिक ऊर्जा और जन-जन तक राम नाम का संदेश पहुँचाने का जो बीड़ा शुभम कसार के नेतृत्व में श्री सुन्दरकाण्ड ग्रुप छिंदवाड़ा ने उठाया है, वह वास्तव में अनुकरणीय है।