अचानक कलेक्टर को देख कर्मचारियों की हालत हुई पतली
छिंदवाड़ा
05-Jun-26
कई संस्थानों पर अचानक पहुंचे कलेक्टर हरेन्द्र नारायण
छिन्दवाडा
आमतौर पर शांत दिखाई देने वाले कलेक्टर हरेन्द्र नारायण शुक्रवार को अचानक कुछ शासकीय संस्थानों में पहुंचे तो वहां उपस्थित कर्मचारियों की हालत पतली दिखाई देने लगी। कलेक्टर को अचानक देख वे भौंचक्क भी रह गए और असमंजस में दिखाई दिए। शुक्रवार को कलेक्टर जिन स्थानों पर पहुंचे उनमें बिछुआ उर्वरक वितरण केंद्र और खमारपानी का आरोग्य मंदिर प्रमुख है।
बिछुआ के उर्वरक वितरण में पहुंचे कलेक्टर
कलेक्टर हरेन्द्र नारायन ने शुक्रवार को विकासखंड बिछुआ स्थित मार्कफेड के डबल लॉक उर्वरक गोदाम एवं नगद विक्रय केंद्र का निरीक्षण कर किसानों को सुगमता से उर्वरक उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शासन द्वारा लागू ई-विकास प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण की संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने स्वयं एक किसान द्वारा ई-टोकन बुकिंग से लेकर स्कैनिंग उपरांत उर्वरक प्राप्त करने तक की पूरी प्रक्रिया देखी तथा किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी जाने। उन्होंने किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कलेक्टर श्री नारायन ने मार्कफेड के सभी नगद विक्रय केंद्रों, मार्केटिंग सोसायटियों, सहकारी समितियों एवं एम.पी. एग्रो के नगद विक्रय केंद्रों को शनिवार को भी संचालित रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अग्रिम कुमार, उप संचालक कृषि जितेन्द्र कुमार सिंह, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व चौरई प्रभात मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे
आयुष्मान आरोग्य मंदिर खमारपानी का आकस्मिक निरीक्षण

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने शुक्रवार को विकासखंड बिछुआ के आयुष्मान आरोग्य मंदिर (प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र) खमारपानी का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध दवाओं, उपचार सुविधाओं एवं मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। बिछुआ क्षेत्र में सर्पदंश की घटनाओं को देखते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने स्वास्थ्य केन्द्र में एंटीवेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण बनाए रखने के निर्देश भी दिए।