Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

खमारपानी में कलेक्टर ने लगाई चौपाल, ग्रामीणों ने बताई समस्याएं

खमारपानी में कलेक्टर ने लगाई चौपाल, ग्रामीणों ने बताई समस्याएं
छिंदवाड़ा
05-Jun-26
ग्रामीणों की विभिन्न समस्याएं सुनकर त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

छिन्दवाडा

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से विकासखंड बिछुआ की ग्राम पंचायत खमारपानी में चौपाल का आयोजन किया। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित हुए और उन्होंने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं से प्रशासन को अवगत कराया।

 चौपाल के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा जनहित से जुड़े मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाए।

 चौपाल में ग्राम पंचायत सामरबोह की एक महिला ने शिकायत करते हुए बताया कि शौचालय निर्माण पूर्ण होने के बावजूद उन्हें अब तक प्रोत्साहन राशि का भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है। इस पर सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली तथा प्रकरण की जांच कर पात्र हितग्राही को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने पेयजल समस्या से भी अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पानी की उपलब्धता को लेकर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कलेक्टर श्री नारायन ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने तथा पेयजल व्यवस्था को शीघ्र सुचारू बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

चौपाल में ग्रामीणों द्वारा सड़क, विद्युत, आवास, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए, जिनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री नारायन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की कमी न रहे। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, एसडीएम चौरई श्री प्रभात मिश्रा, संबंधित विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। 
Share News On