विद्यार्थियों ने संविधान के मूल्यों एवं पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
छिंदवाड़ा
26-Nov-26
छिन्दवाडा अपडेट

राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय, छिंदवाड़ा एवं विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग (यूटीसी/यूटीटीडी) के संयुक्त तत्वावधान में आज 26 नवंबर को संविधान दिवस हर्षाेल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. इंद्र प्रसाद त्रिपाठी उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग के प्रभारी डॉ. विकास कुमार शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में संविधान की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। कुलगुरु प्रो. इंद्र प्रसाद त्रिपाठी ने संविधान के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि संविधान केवल कानून की पुस्तक नहीं, बल्कि समतामूलक और सशक्त भारत के निर्माण का आधार है। उन्होंने संविधान में निहित मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र के विकास एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का आह्वान किया। वहीं, यूटीटी के प्रभारी डॉ. विकास कुमार शर्मा ने संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय संविधान के मूल्यों, लोकतंत्र एवं राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पण का संकल्प लेने की बात कही।
कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधारोपण भी किया गया। विद्यार्थियों एवं उपस्थित अतिथियों ने पौधे लगाकर प्रकृति के संरक्षण तथा पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त अतिथि विद्वान, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।