Home News Helpline Classified Jobs About Contact

संविधान हाथ में लेकर जबलपुर की सड़कों पर नकुलनाथ का मार्च

संविधान हाथ में लेकर जबलपुर की सड़कों पर नकुलनाथ का मार्च
राजनीति
26-Nov-26
संविधान रक्षा मार्च में नकुलनाथ ने भाजपा पर साधा निशाना

छिन्दवाड़ा अपडेट

वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत मप्र कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जबलपुर में संविधान रक्षा मार्च निकाला गया। छिन्दवाड़ा संसदीय क्षेत्र से पूर्व सांसद नकुलनाथ इसमें शामिल हुए। उन्होंने कहा भाजपा अपने आपको विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बताती हैं, मैं पूछना चाहता हूं कि आपकी पार्टी के एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का नाम बता दीजिए। कांग्रेस से सवाल करोगे तो संख्या करोड़ों में जाएगी। आज संविधान दिवस के दिन हमें संविधान की रक्षा के लिए मार्च निकालना पड़ रहा है, भाजपा सरकार ने यह नौबत ला दी है। आज जबलपुर से मार्च शुरू हुआ है, जरूरत पड़ी तो भोपाल में भी मार्च निकाला जाएगा और मांगें नहीं मानी तो दिल्ली में भी मार्च होगा। आपने देखा कि मप्र व अन्य कई राज्यों में वोट चोरी से सरकार बनीं,जबकि एग्जिट पोल्स कांग्रेस के पक्ष में आ रहे थे। कमलनाथ जी की सरकार होती तो विकास कई गुना ज्यादा होता।

भाजपा सरकार आदिवासी, किसान, महिला, युवा, विद्यार्थियों के अधिकारों की हत्या कर रही। बेरोजगारी चरम पर है और 2 करोड़ रोजगार का झूठा वादा जमुला निकला। सरकार अपनी नाकामी को छुपाने के लिए चुनाव आयोग को हथियार बनाकर वोट चोरी का काम कर रही है और अपना हक मांगने पर झूठे मुकदमें दर्ज करवा रही।  उन्होंने अपने उदबोधन के अंत में सभी से एकजुट होकर संकल्प लेकर संविधान व जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए वोट चोरी से बनी भाजपा सरकार को बदलने के लिए सतत रूप से संघर्ष व एकजुटता का आग्रह किया।

देश का सर्वाेच्च विधिक ग्रंथ हाथों में लेकर चले नकुलनाथ

कांग्रेस नेता नकुलनाथ वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व आमजन के साथ संविधान रक्षा मार्च में शामिल हुए। हाथों में देश का सर्वाेच्च विधिक ग्रंथ लेकर जन-जन की आवाज को बुलंद करते हुए वे लाखों कांग्रेसजन के साथ मालवीय चौक पहुंचे जहां उन्होंने उपस्थित अपार जनसमूह को सम्बोधित करते हुए संविधान व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सभी से आगे आने का आग्रह किया।

जबलपुर हवाई अड्‌डे पर किया भव्य स्वागत

कांग्रेस नेता नकुलनाथ के जबलपुर पहुंचे पर प्रदेशभर से आए कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। पुष्प गुच्छ व पुष्पहार से आत्मीय स्वागत कर उनकी अगवानी की। उन्होंने कांग्रेसजन से मिले आत्मीय प्रेम को लेकर कहा कि सभी का स्नेह और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिला कांग्रेस कमेटी सहित प्रदेशभर से आए समस्त कांग्रेस परिवार के सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी इसी तरह एकजुट होकर लड़ेंगे तो निश्चित ही सफलता प्राप्त होगी।

छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना से पहुंचे हजारों पदाधिकारी व कार्यकर्तागण

छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिला कांग्रेस कमेटी के हजारों कांग्रेस पदाधिकारीगण व कार्यकर्तागण संविधान रक्षा मार्च में सम्मिलित हुए। छिन्दवाड़ा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे व पांढुर्ना जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष  जतन उइके ने समस्त कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आभार माना।

Share News On