निगम आयुक्त ने राजकुमार बरपेटे की कॉलोनी को बताया अवैध
छिंदवाड़ा
26-Nov-26
रेरा अनुमति लिए बगैर पोआमा में बेच रहा था प्लॉट

छिंदवाड़ा अपडेट
नगर पालिक निगम प्रशासन ने मौजा पोआमा स्थित एक अवैध कॉलोनी पर बड़ा प्रहार करते हुए उसे विधिवत अनाधिकृत कॉलोनी घोषित कर दिया है। निगम आयुक्त सीपी राय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, चंदनगांव (छिंदवाड़ा) निवासी राजकुमार बरपेटे पिता घुडनलाल बरपेटे द्वारा नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत मौजा पोआमा के खसरा नंबर 119/2/1, रकबा 0.4050 हेक्टेयर भूमि पर बिना डायवर्जन एवं विकास अनुमति के भूमि को छोटे-छोटे भूखंडों में विभाजित कर अवैध रूप से विक्रय किया जा रहा था। जबकि किसी भी कॉलोनी में भूखंड विक्रय से पूर्व रेरा में पंजीयन, भूमि का व्यपवर्तन, कॉलोनाइजर लाइसेंस तथा कॉलोनी विकास की सक्षम अनुमति प्राप्त करना कानूनन अनिवार्य है। भूमि स्वामी द्वारा इनमें से किसी भी वैधानिक अनुमति को प्राप्त नहीं किया गया। निकाय उपयंत्री के जांच प्रतिवेदन में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित द्वारा मौके पर गेट, बाउंड्रीवॉल और क्रेशर डस्ट बिछाकर सड़क का निर्माण किया गया है। यही नहीं, विज्ञापनों के जरिए भूखंड बेचने का खुलेआम प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा था और वरिष्ठ पंजीयक से प्राप्त पत्र के अनुसार 02 भूखंडों की रजिस्ट्री भी कर दी गई है। यह कृत्य मध्यप्रदेश नगर पालिका (कॉलोनी विकास नियम) 2021 का खुला उल्लंघन है।
आयुक्त सी.पी. राय के निर्देश पर पूर्व में जारी अंतिम सूचना पत्र के जवाब में राजकुमार बरपेटे द्वारा नियमानुसार कॉलोनी विकसित करने का दावा किया गया था। लेकिन जांच में सामने आया कि संबंधित खसरे की भूमि कृषि भूमि है, जिस पर रहवासी अनुमति मिलना ही संभव नहीं है, और न ही आज दिनांक तक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत किया गया। इस गंभीर अनियमितता के चलते निगम प्रशासन ने उनके जवाब को सिरे से खारिज कर अमान्य कर दिया है।
मध्यप्रदेश नगर पालिका (कॉलोनाइजर का रजिस्ट्रीकरण, निर्बंधन तथा शर्तें)के अंतर्गत अनाधिकृत कॉलोनियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा नियमों के तहत संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध अधिनियम के सुसंगत उपबंधों में दांडिक कार्रवाई के लिए पुलिस थाने में प्राथमिक सूचना दर्ज कराने का स्पष्ट प्रावधान है। इसी के तहत मौजा पोआमा स्थित उक्त भूमि पर विकसित की गई कॉलोनी को मध्यप्रदेश कॉलोनी विकास नियम 2021 के प्रावधानों के अंतर्गत अनाधिकृत कॉलोनी घोषित कर दिया गया है।
नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय ने चेतावनी दी है कि निगम सीमा क्षेत्र में बिना अनुमति के कॉलोनी विकसित करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की यह सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से पुनः अपील की गई है कि वे अपनी गाढ़ी कमाई को अवैध कॉलोनियों में न फंसाएं और भूखंड खरीदने से पूर्व कॉलोनी की वैध अनुमतियों की भलीभांति जांच अवश्य करें।