5 दिसंबर को सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ करेगी सायना नेहवाल
खेल
26-Nov-26
छिन्दवाड़ा अपडेट

छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार आयोजित किए जा रहे सांसद खेल महोत्सव में इस वर्ष खास यादगार पल जुड़ने जा रहा है। सांसद बंटी विवेक साहू के निवेदन पर 5 दिसंबर को छिन्दवाड़ा आ रही ओलंपिक पदक विजेता व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी सायना नेहवाल जहा सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ करेगी वहीं पांढुर्णा में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के कार्यक्रमों में भी शामिल होगीं।
सांसद खेल महोत्सव के शुभारंभ की तैयारियों को लेकर सांसद बंटी विवेक साहू ने सांसद कार्यालय छिन्दवाड़ा में सांसद खेल महोत्सव की आयोजन समिति की बैठक लेते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। इस दौरान उन्होंने आयोजन समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों को कुछ प्रमुख दायित्व भी सौंपे है। अंतर्राष्ट्रीय प्लेयर सायना नेहवाल के छिन्दवाड़ा आगमन की तैयारियां आयोजन समिति ने प्रारंभ कर दी है।
सायना नेहवाल की खेलयात्रा पर एक नजर
सायना नेहवाल अंतर्राष्ट्रीय प्लेयर रह चुकी है। उन्होंने कई अवार्ड और खिताबों के माध्यम से भारत का गौरव बढ़ाया है। वे भारत की एक प्रमुख बैडमिंटन खिलाड़ी हैं, जो ओलंपिक में बैडमिंटन पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं और विश्व नंबर 1 रैंकिंग हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला रहीं। वह 2006 में 4-स्टार टूर्नामेंट जीतने वाली पहली भारतीय महिला और सबसे कम उम्र की एशियाई खिलाड़ी बनीं। उन्हें 2008 में बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन के द्वारा बीडब्ल्यूएफ मोस्ट प्रॉमिसिंग प्लेयर ऑफ द ईयर का सम्मान मिला। 2009 में भारत सरकार के द्वारा उन्हें अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया। 2012 लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर वह ऐसा करने वाली पहली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बनीं, इससे पहले 2008 में वह विश्व जूनियर खिताब जीतने वाली पहली भारतीय भी थीं। 2009 में इंडोनेशिया ओपन सुपर सीरीज जीतने वाली पहली भारतीय बनीं और 2010 तथा 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में महिला एकल के स्वर्ण पदक जीते। उन्हें 2010 में पद्मश्री का सम्मान मिला। उन्होंने 2015 में विश्व नंबर 1 रैंकिंग हासिल की और विश्व चौंपियनशिप (2015 में रजत) तथा एशियाई खेलों (2018 में कांस्य) में भी देश के लिए पदक जीते। उन्हें 2016 में पद्म भूषण एवं 2009 एवं 2010 में मेजर ध्यानचंद खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार से नवाजा भी गया है। उनकी आत्मकथा प्लेइंग टू विन 2012 में प्रकाशित हुई थी।