जनता की समस्याओं पर जनप्रतिनिधियों का नहीं है ध्यान
लेख
26-Nov-26
छिंदवाड़ा अपडेट

आम नागरिकों की पेयजल समस्या हो या किसानों को मिलने वाले वाले खाद-बीज की उपलब्धता और बढ़ती कीमतें, जिले भर की लड़खड़ाती स्वास्थ्य व्यवस्था हो या फिर सरकारी स्कूलों में गिरता शिक्षा और शिक्षकों का स्तर, जिले भर में औद्योगिरीकरण, बेरोजगार युवाओं से लेकर व्यवसायियों तक की समस्याओं पर एक नजर डाली जाए तो पिछले पांच सालों में इन सभी क्षेत्रों में किसी भी जनप्रतिनिधि ने ऐसा काम नहीं किया जो जनता के सामने मिसाल बन पाए। और भी ऐसी कई समस्याएं हैं जिन्हें हल करने के लिए जनता जनप्रतिनिधियों को चुनती है फिर चाहे वो विधायक हो या सांसद । चुनाव होते हैं जनप्रतिनिधि चुने जाते हैं लेकिन समस्याएं के निराकरण की दिशा में कोई खास कदम उठे हो जमीन पर दिखाई नहीं देते हैं।
इन्ही सब बातों को लेकर छिंदवाड़ा अपडेट ने जनमत में विषय उठाया था कि क्या छिंदवाड़ा के जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं को पर्याप्त समय दे रहे है जिस पर पाठकों की प्रतिक्रिया बहुत ही चौंकाने वाली रही है। लगभग 75 प्रतिशत पाठकों का मानना है कि जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं की ओर पर्याप्त समय नहीं दे रहे है। आम पाठकों की राय बता रही है कि जनप्रतिनिधियों का ध्यान जनता की समस्याओं की ओर नहीं है। मात्र 10 प्रतिशत पाठकों का मानना है कि जनप्रतिनिध पर्याप्त समय दे रहे हैं तो वहीं 10 प्रतिशत पाठकों ने माना कि कुछ हद तक समय जनप्रतिनिधियों द्वारा दिया जाता है। 5 प्रतिशत पाठक ऐसे भी हैं जिन्होंने कुछ कह नहीं सकते पर अपना मत दिया है।
जनमत के संपूर्ण नतीजों पर नजर डाले तो यह स्पष्ट है कि जिले के जनप्रतिनिधियों का ध्यान जनता की समस्याओं के बजाए अपनी-अपनी वाह-वाही कराने की ओर ज्यादा है। जनता की यह नाराजगी भविष्य में क्या रंग दिखाएगी यह तो समय ही बताएगा लेकिन जनमत के आंकड़े स्पष्ट कह रहे हैं कि आम जनता जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली से खुश नहीं है। शीघ्र ही चुनाव आने वाले हैं जनमत का यह सर्वे वर्तमान जनप्रतिनिधियों के लिए आईना है यदि समय रहते जनता की समस्याओं की ओर ध्यान देकर उनकी नाराजगी दूर नहीं की गई तो वर्तमान जनप्रतिनिधियों का भविष्य आने वाले चुनाव में जनता स्वयं तय कर देगी।