Home News Helpline Classified Jobs About Contact

रोजगार मेले में 565 पंजीयन, 357 युवाओं का चयन

रोजगार मेले में 565 पंजीयन, 357 युवाओं का चयन
नौकरियां
26-Nov-26
युवा संगम एवं रोजगार मेले में उमड़ा युवाओं का उत्साह

छिंदवाड़ा अपडेट

इंदिरा गांधी शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, छिंदवाड़ा में 26 नवंबर 2026 को रोजगार मेले एवं युवा संगम का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। मेले में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भोपाल, नागपुर, जबलपुर, इंदौर, अहमदाबाद, राजकोट, वडोदरा एवं छिंदवाड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों की लगभग 15 प्रतिष्ठित कंपनियों ने सहभागिता की। रोजगार मेले में कुल 565 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 357 अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों के लिए प्राथमिक चयन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के वंदन एवं पूजन के साथ हुआ। संविधान दिवस के अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा, सम्मान एवं अपने संवैधानिक कर्तव्यों के पालन की शपथ भी दिलाई गई।

15 कंपनियां आई थी कैम्पस में

रोजगार मेले में वर्धमान यार्न्स प्राइवेट लिमिटेड भोपाल, न्यूबोनो हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड नागपुर, सेनोव्हा गियर एंड ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड राजकोट, आइशर ट्रक्स एंड बस प्लांट भोपाल, सुरुचि होजरी एंड इलास्टिक प्राइवेट लिमिटेड बूटीबोरी नागपुर, तापड़िया पॉलिएस्टर प्राइवेट लिमिटेड बूटीबोरी नागपुर, ट्राइडेंट लिमिटेड बुधनी, एम.आर.एफ. टायर्स प्राइवेट लिमिटेड भरूच, अपोलो टायर्स प्राइवेट लिमिटेड वडोदरा, यजाकी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड अहमदाबाद, सतीजा मोटर्स छिंदवाड़ा, एजीएस कॉल सेंटर छिंदवाड़ा, अंबुजा फाउंडेशन छिंदवाड़ा, एन.आई.आई.टी. फाउंडेशन छिंदवाड़ा एवं हनु सिक्योरिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड छिंदवाड़ा सहित लगभग 15 कंपनियों ने भाग लिया।

8 वीं से लेकर डिप्लोमा तक शिक्षित युवाओं को मिला रोजगार

कंपनियों द्वारा मशीन ऑपरेटर, प्रोडक्शन एसोसिएट, इलेक्ट्रिशियन, कंप्यूटर ऑपरेटर, ऑफिस वर्क, अकाउंट्स एवं सेल्स सहित विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। मेले में 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा एवं स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर प्रदान किए गए। विभिन्न पदों के लिए 7,500 रुपये से लेकर 25,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन निर्धारित किया गया था। अभ्यर्थियों की आयु सीमा सामान्यतः 18 से 40 वर्ष रखी गई थी।

क्या कहते हैं अधिकारी और प्राचार्य

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आलोक यादव ने बताया कि युवा संगम एवं रोजगार मेले का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सार्थक पहल करना है। 565 पंजीयन एवं 357 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन इस आयोजन की उल्लेखनीय उपलब्धि है। जिला रोजगार अधिकारी माधुरी भलावी ने बताया कि रोजगार मेले का आयोजन प्रातः 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक किया गया। अभ्यर्थियों ने अपने शैक्षणिक दस्तावेजों, बायोडाटा एवं आवश्यक प्रमाण-पत्रों के साथ उपस्थित होकर भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्राचार्य डॉ. आलोक यादव, जिला रोजगार अधिकारी माधुरी भलावी, शासकीय आईटीआई के प्राचार्य, प्रशिक्षण एवं नियोजन अधिकारी राकेश कावरे, शिवकुमार सनोड़िया, विभागाध्यक्ष श्रीमती नीलम खासकलम, श्रीमती स्वाती चौरसिया, ओम कटकवार, श्रीमती शाइस्ता अंसारी, आलोक चौधरी, शैली कराड़े, पूजा पांडे, आकांक्षा बुनकर, अंकिता शर्मा, सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को उद्योग जगत से जोड़ने की यह पहल न केवल रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि आत्मनिर्भर एवं कौशल संपन्न युवा मध्यप्रदेश के निर्माण की दिशा में भी सार्थक प्रयास है।
Share News On