तामिया एकलव्य आवासीय विद्यालय में भोजन को लेकर विद्यार्थियों का हंगामा
शिक्षा
20-Jul-26
कलेक्टर ने की प्राचार्य और उप प्राचार्य पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा

छिन्दवाडा
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय तामिया में भोजन व्यवस्था संबंधी प्राप्त शिकायत के संबंध में जिला प्रशासन द्वारा जांच कराई गई। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी हरेंद्र नारायन के निर्देश पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग द्वारा विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से चर्चा कर तथ्यात्मक जांच की गई।
जांच के दौरान विद्यार्थियों द्वारा भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था के संबंध में पूर्व में की गई शिकायतों की जानकारी दी गई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर यह पाया गया कि भोजन व्यवस्था के पर्यवेक्षण एवं शिकायतों के निराकरण में अपेक्षित स्तर पर कार्रवाई नहीं की गई।
मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री नारायन ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय तामिया के प्राचार्य राजेश कुशवाह एवं उप प्राचार्य दिनेश कुमार (पीजीटी) के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की अनुशंसा करते हुए आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग भोपाल को प्रतिवेदन प्रेषित किया है।