इंदौर व भोपाल से निःशुल्क शिक्षा प्राप्त करेंगे छिन्दवाड़ा-पांढुर्ना के विद्यार्थी
शिक्षा
01-Jul-26
कांग्रेस नेता कमलनाथ व नकुलनाथ ने की एक और सार्थक पहल
छिन्दवाड़ा
मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ की एक और सार्थक पहल युवाओं को उच्च शिक्षा हासिल करने में मील का पथर साबित होगी। नेताद्वय ने छिन्दवाड़ा-पांढुर्ना जिले के विद्यार्थियों को एक बार फिर निःशुल्क शिक्षा प्राप्त करने की बड़ी सौगात दी है। इंदौर व भोपाल जैसे महानगरों के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से दोनों ही जिले के छात्र-छात्राएं पढ़ाई पूरी कर सकते हैं।
जिला एनएसयूआई अध्यक्ष अपेक्षा सूर्यवंशी ने बताया कि नेताद्वय द्वारा जिले के युवाओं को लगातार निःशुल्क उच्च शिक्षा, जेईई मेंस, नीट की निःशुल्क कोचिंग के अलावा विभिन्न शासकीय प्रतियोगी परीक्षाओं तैयारी कॅरियर फर्स्ट के माध्यम से कराई जाती रही हैं। युवाओं के लिए विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कम्पनियों में रोजगार के अवसर भी सतत रूप से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अनेक कम्पनियों के द्वारा साक्षात्कार का आयोजन कर छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर से लेकर देश व विदेशों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं।
इस वर्ष जिले के जरूरतमंद एवं होनहार युवाओं को विभिन्न पाठ्यक्रमों में निः शुल्क उच्च शिक्षा प्रदान की जावेगी। पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए इच्छुक विद्यार्थी सादे कागज पर राजीव भवन में आवेदन कर सकते हैं। स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों का 12 वीं कक्षा में 60 प्रतिशत एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में के लिए स्नातक 60 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। एमसीए, बीबीए, एमबीबीए, बीटेक, बीए, बीकॉम, बीएससी, बीबीए,एलएलबी, बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स, एमए जर्नलिज्म, परफार्मिंग आर्ट्स, साइंस आदि विषयों में प्रवेश प्राप्त होगा।