जिले भर की मिठाई दुकानों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों के नमूनों की स्पॉट टेस्टिंग
छिंदवाड़ा
03-Nov-26
दीपावली के पूर्व खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम कर रही निरीक्षण

छिन्दवाडा अपडेट
आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए आम नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देश पर जिले में संयुक्त जांच दल का गठन किया गया है। इस दल में राजस्व, नापतौल, खाद्य आपूर्ति, पुलिस एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को शामिल किया गया है। तहसील स्तर पर गठित इन दलों की निगरानी अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह द्वारा की जा रही है।
संयुक्त जांच दल द्वारा जिले की सभी तहसीलों एवं अन्य क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई दुकानों तथा अन्य व्यावसायिक संस्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता के साथ नापतौल में अनियमितता तथा घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किए जाने की भी जांच की जा रही है।
इसी क्रम में गत दिवस टीम के सदस्य राघवेन्द्र सिंह लिल्लौरे, शैलेन्द्र सिंह एवं गोपेश मिश्रा द्वारा रिलायंस रिटेल मॉल नागपुर रोड छिंदवाड़ा सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोपेश मिश्रा द्वारा वैशाली राजस्थान स्वीट्स छिंदवाड़ा, काशी स्वीट्स बस स्टैंड एवं पारस स्वीट्स बस स्टैंड से सुंदर ब्रांड सोनपापड़ी ऑरेंज फ्लेवर, उत्सव ब्रांड गुलाब जामुन, चमचम एवं मिल्क केक सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 15 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। खाद्य सुरक्षा दल द्वारा जामई क्षेत्र में रॉयल मिष्ठान भंडार, ज्योति मिष्ठान भंडार, आकांक्षा मिष्ठान भंडार, पप्पू होटल, प्रेमता भंडार, चाय चौपाटी एवं काकाजी टी स्टॉल का निरीक्षण किया गया। साथ ही जुन्नारदेव स्थित बीकानेर मिष्ठान कारखाने से भी खाद्य पदार्थों का नमूना संग्रहित किया गया।
इसी प्रकार मोरडोंगरी क्षेत्र में सोनी होटल, चंदेल होटल, आयुष मिष्ठान भंडार एवं यश मिष्ठान भंडार का निरीक्षण कर मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। सौंसर क्षेत्र में रेमंड चौक बोरगांव स्थित कांकड़े रेस्टोरेंट, बीकानेर मिष्ठान भंडार तथा खेरीतायगांव स्थित जय बजरंगबली मिष्ठान भंडार का निरीक्षण कर खोवा, नमकीन, मिल्क केक एवं कुंदा के नमूने लिए गए।
उमरेठ क्षेत्र में मिठाई दुकानों का किया निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज घाघरे एवं गोपेश मिश्रा की संयुक्त टीम चलित खाद्य प्रयोगशाला के साथ उमरेठ पहुंची। टीम द्वारा साहू होटल का निरीक्षण शुरू करते ही उमरेठ बाजार की मिठाई दुकानों के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। इसके बाद टीम द्वारा साहू होटल, जैन होटल एवं महाराज होटल सहित अन्य प्रतिष्ठानों में मिठाइयों एवं खाद्य पदार्थों की चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से स्पॉट टेस्टिंग की गई।
परासिया एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी हुई खाद्य पदार्थों की जांच
उमरेठ पहुंचने से पहले टीम द्वारा परासिया मुख्यालय में स्थित राजेश स्वीट्स, बीकानेर स्वीट्स, यदुवंशी डेली नीड्स, चांदामेटा स्थित पीयूष डेली नीड्स एवं गुप्ता मिष्ठान भंडार तथा परासिया स्थित श्री बालाजी राजपुरोहित स्वीट्स में मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की स्पॉट टेस्टिंग की गई। इस दौरान पनीर, दूध, दही एवं अन्य मिठाइयों के नमूने संग्रहित करने की कार्रवाई भी की गई। इसके बाद टीम द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों तालपिपरिया, मोरडोंगरी एवं सावरी में भी मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों का बारीकी से निरीक्षण कर चलित प्रयोगशाला के माध्यम से स्पॉट टेस्टिंग की गई। इसके अतिरिक्त इमलीखेड़ा स्थित मिठाई दुकानों की भी जांच की गई।
तामिया क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा दल में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती संध्या मार्काे द्वारा तामिया क्षेत्र में राजा स्वीट्स, गुप्ता होटल एवं करमा इंदौर सेव भंडार तथा पांडुपिपरिया क्षेत्र में केपिटल होटल, अंजनी भोजनालय, गुप्ता होटल एवं इंदौर सेव भंडार का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने भी संग्रहित किए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा कलेक्टर के निर्देशन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच के लिए निरीक्षण, स्पॉट टेस्टिंग एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई लगातार जारी रखी जा रही है।