Home News Helpline Classified Jobs About Contact

हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी महिलाओं का किया विशेष उपचार

हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी महिलाओं का किया विशेष उपचार
स्वास्थ्य
26-Jul-26
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत जिला चिकित्सालय में लगा एएनसी कैंप 

छिन्दवाडा 

कलेक्टर हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन एवं सिविल सर्जन श्रीमती कंचन दुबे के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के अंतर्गत गत दिवस एएनसी कैंप का सफल आयोजन किया गया। कैंप का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, विशेषकर हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) वाली महिलाओं की समय पर पहचान कर उन्हें एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण जांच, उपचार एवं विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराना था।

कैंप में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता पाठक, डॉ. दीपी महाजन एवं डॉ. शीतल गढपाले द्वारा गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इस दौरान नर्सिंग इंचार्ज सुरेखा मसीह के नेतृत्व में नर्सिंग ऑफिसर सुश्री मीना धुर्वे, सुश्री बन्ना पवार, सुश्री प्रीति वेस एवं सुश्री अनिता सोनी सहित समस्त नर्सिंग स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता निभाई। साथ ही एमएच कोऑर्डिनेटर सुश्री स्वर्णलता यादव, लैब टेक्निशियन तथा जिला चिकित्सालय के अन्य समस्त स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कैंप के दौरान कुल 111 गर्भवती महिलाओं (एएनसी) का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें से 49 महिलाओं को हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) श्रेणी में चिन्हित किया गया। सभी हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं को आवश्यक उपचार, नियमित फॉलो-अप एवं आवश्यकता के अनुसार रेफरल संबंधी सलाह प्रदान की गई।

इसके अतिरिक्त 24 महिलाओं की अल्ट्रासोनोग्राफी (यूएसजी) तथा 51 महिलाओं की एचआईव्ही जांच की गई। आवश्यक सभी प्रयोगशाला जांच भी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं, जिससे गर्भवती महिलाओं को समग्र एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सहज रूप से प्राप्त हुईं।

कैंप में उपस्थित सभी महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व, हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी की समय पर पहचान, संस्थागत प्रसव, परिवार नियोजन तथा व्यापक प्रसवोत्तर देखभाल (सीसीपी) के संबंध में विस्तृत परामर्श दिया गया। साथ ही सभी लाभार्थियों को रिफ्रेशमेंट के रूप में नाश्ते का वितरण भी किया गया। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत आयोजित यह एएनसी कैंप मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सफल पहल सिद्ध हुआ।
Share News On