Home News Helpline Classified Jobs About Contact

12वीं के बाद सीधे डिप्लोमा सेकंड ईयर में प्रवेश का अवसर, सीमित सीटें उपलब्ध

12वीं के बाद सीधे डिप्लोमा सेकंड ईयर में प्रवेश का अवसर, सीमित सीटें उपलब्ध
शिक्षा
26-Jul-26
28 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन, 

एमओएम की 17 एवं कंप्यूटर साइंस की 12 सीटों पर मिलेगा प्रवेश

छिन्दवाडा 

12वीं के बाद तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर है। संचालनालय तकनीकी शिक्षा, मध्यप्रदेश द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पॉलिटेक्निक डिप्लोमा में लेटरल एंट्री प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसके तहत पात्र विद्यार्थी सीधे डिप्लोमा के द्वितीय वर्ष (तृतीय सेमेस्टर) में प्रवेश ले सकते हैं।

इंदिरा गांधी शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय छिंदवाड़ा में मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट (एमओएम) की 17 तथा कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग (सीएसई) की 12 सीटों पर प्रवेश उपलब्ध है। लेटरल एंट्री के माध्यम से विद्यार्थियों को एक वर्ष की बचत के साथ तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। वर्तमान रोजगार बाजार की आवश्यकताओं को देखते हुए कंप्यूटर साइंस एवं मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट दोनों ही रोजगारपरक एवं उपयोगी पाठ्यक्रम हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आलोक यादव ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्रवेश संबंधी मार्गदर्शन के लिये प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए श्री राकेश कावरे तथा मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट के लिए श्रीमती नीलम खासकलम से संपर्क कर मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।

प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं चॉइस फिलिंग की अंतिम तिथि 28 जुलाई 2026, रात्रि 11:45 बजे तक निर्धारित की गई है। सीट आवंटन के बाद चयनित विद्यार्थियों को 05 अगस्त से 08 अगस्त 2026 तक महाविद्यालय में उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। मूल दस्तावेजों के सत्यापन एवं प्रवेश की अंतिम समय-सीमा 08 अगस्त 2026, शाम 6:30 बजे तक रहेगी।

इच्छुक विद्यार्थी मध्यप्रदेश तकनीकी शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट dte.mponline.gov.in पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं चॉइस फिलिंग कर सकते हैं। महाविद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि सीमित सीटों को देखते हुए अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना शीघ्र आवेदन कर प्रवेश सुनिश्चित करें।
Share News On