Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

अनुसूचित जाति आयोग सदस्य ने किया छिंदवाड़ा का दौरा

अनुसूचित जाति आयोग सदस्य ने किया छिंदवाड़ा का दौरा
छिंदवाड़ा
01-Jun-26
विभागीय समीक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों को दी प्राथमिकता

छिंदवाड़ा

मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त बारेलाल अहिरवार का आज छिंदवाड़ा आगमन हुआ। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने जिले के विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेकर अनुसूचित जाति वर्ग के हितों से जुड़े प्रकरणों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का अवलोकन किया। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी एवं समयबद्ध रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक के उपरांत माननीय सदस्य ने वार्ड क्रमांक 23 स्थित रविदास मंदिर एवं वाल्मीकि गुरुद्वारा पहुंचकर दर्शन-पूजन किया तथा समाज के वरिष्ठजनों एवं सामाजिक बंधुओं से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने समाज की समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त कर उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।

सामाजिक प्रतिनिधियों द्वारा मातंग समाज के भवन निर्माण की मांग रखे जाने पर श्री अहिरवार ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए निर्माण संबंधी प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाज के विकास एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए आवश्यक अधोसंरचनात्मक सुविधाओं का विकास शासन की प्राथमिकता है।

इसके पश्चात माननीय सदस्य ने प्रसिद्ध धार्मिक स्थल जामसावली मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया तथा प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। दर्शन उपरांत वे भोपाल के लिए प्रस्थान कर गए। इस अवसर पर अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष लोकेश डेहरिया, मुकेश जहारे, जितेन्द्र अहिरवार, ओमप्रकाश, अमन अग्रवाल, पार्षद अभिलाष गोहर, पार्षद जगदीश गोदरे, राजकुमार अहिरवार, मनोज चौरे, मनोज मंडराह, भारत डोले, राजकुमार गोनेकर, ब्रज नागवंशी, सिद्धांत सिद्धू थनेसर, आकाश अहिरवार सहित अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।
Share News On