Home News Helpline Classified Jobs About Contact

रिलायंस रिटेल मार्ट, डी मार्ट और विशाल मेगा मार्ट के नमूने जब्त

रिलायंस रिटेल मार्ट, डी मार्ट और विशाल मेगा मार्ट के नमूने जब्त
छिंदवाड़ा
27-Oct-26

होटलों और मिठाई की दुकानों में मिल रही मिलावट वाली खाद्य सामग्री

छिन्दवाडा अपडेट

संपूर्ण प्रदेश में चलाए जा रहे मिलावट से मुक्ति अभियान एवं आगामी दीपावली त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन जिला छिंदवाड़ा द्वारा जिले में लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। विगत सप्ताह छिंदवाड़ा शहर, परासिया, उमरेठ, जामई, हर्रई एवं चौरई तहसीलों में खाद्य सुरक्षा दलों की टीमों द्वारा लगातार औचक निरीक्षण किए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोपेश मिश्रा द्वारा गत दिवस छिंदवाड़ा शहर के बड़े बिग बाजारों का बारीकी से निरीक्षण किया गया, जहां त्योहारों के दौरान काफी भीड़ रहती है और आमजन बड़ी मात्रा में खाद्य पदार्थों की खरीदी करते हैं। टीम ने रिलायंस रिटेल मार्ट नागपुर रोड, डी मार्ट परासिया रोड और विशाल मेगा मार्ट का औचक निरीक्षण कर त्योहारों पर उपलब्ध विभिन्न खाद्य पदार्थों एवं मिठाइयों की जांच की। इस दौरान रिलायंस रिटेल मार्ट नागपुर रोड से 5, डी मार्ट परासिया रोड से 5 और विशाल मेगा मार्ट से 5 खाद्य पदार्थों के नमूने जब्त किए गए।

होटलों और मिठाई की दुकानों में मिल रही मिलावट वाली खाद्य सामग्री

इसी तरह परासिया शहर में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोपेश मिश्रा एवं सहायक आपूर्ति अधिकारी गीतराज गेडाम की संयुक्त टीम ने गुप्ता होटल, पीयूष होटल, बालाजी राजस्थान स्वीट्स और होटल जैनसंस का निरीक्षण किया। इस दौरान 7 खाद्य पदार्थों के नमूने जब्त किए गए। साथ ही प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग हो रहा है या नहीं, इसकी भी जांच की गई। एक अन्य टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार घाघरे द्वारा चौरई, हर्रई एवं उमरेठ में सोनी नमकीन, मानव मंदिर, एल.पी. डील और पवार होटल की जांच की गई। इस दौरान 9 खाद्य पदार्थों के नमूने जब्त किए गए। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुश्री संध्या मार्काे की टीम ने जामई एवं तामिया में बीकानेर स्वीट्स, जय भोले होटल, वर्मा होटल और गुप्ता होटल का निरीक्षण किया। इस दौरान 11 खाद्य पदार्थों के नमूने जब्त किए गए।

प्रयोगशाला जांच के बाद होगी कार्रवाई 

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों से जब्त किए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
Share News On