Home News Helpline Classified Jobs About Contact

कलेक्टर श्री नारायन ने सुनी 175 आवेदकों की समस्यायें

कलेक्टर श्री नारायन ने सुनी 175 आवेदकों की समस्यायें
छिंदवाड़ा
27-Oct-26
छिन्दवाडा अपडेट

राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है । कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 175 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये । जनसुनवाई में मुख्य रूप से ज़मीन का सीमांकन करने, नक्शा दुरूस्त करने, अतिक्रमण हटाने एवं नाला गहरीकरण करने, अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, बिजली पानी की समस्या आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी।

कलेक्टर श्री नारायन ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कई प्रकरणों को समय सीमा की बैठक में समीक्षा के लिए भी चिन्हांकित किया। जनसुनवाई कार्यक्रम में आज ग्राम काराघाट के मनेशलाल वंशकार ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत पट्टा-भू अधिकार में नाम दुरूस्त करने एवं विजय वर्मा ने भूमि का राजस्व रिकॉर्ड दुरूस्त करने, ग्राम कठोतियाबुर्री के काशीराम यदुवंशी ने परिवार की समग्र आईडी बनवाने,ग्राम ढोडा की श्रीमती कृष्णा उईके ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत योजना का लाभ दिलाने, चौरई नगर की कुमारी रूपाली मरावी ने अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, परासिया नगर के संतोष मालवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकान निर्माण में लगी आपत्ति को हटाने, छिंदवाड़ा के छुट्टू अहिरवार ने गरीबी रेखा राशन कार्ड में पुनः नाम जुड़वाने, छिंदवाड़ा नगर के वार्ड क्रमांक - 13 के वार्डवासियों ने वार्ड में बंद पड़ी बोरिंग को पुनः चालू कराने, छिंदवाड़ा के गुलाबरा की गली नंबर-10 के दारोकर सुहागपुरे ने राजस्व रिकार्ड सुधरवाने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में एडीएम धीरेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुये।
Share News On