राष्ट्रीय परीक्षाओं के लिए जिला स्तरीय समन्वय समिति का पुनर्गठन
शिक्षा
16-Nov-26
छिन्दवाडा अपडेट

जिले में एनटीए की आगामी राष्ट्रीय परीक्षाओं के सुरक्षित, सुचारू, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए जिला स्तरीय समन्वय समिति का पुनर्गठन किया गया है। समिति का गठन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के पत्र परिपालन में किया गया है। उल्लेखनीय है कि एनटीए परीक्षाओं का आगामी चक्र दिसंबर 2026 से प्रारंभ होगा, जिसमें नीट (यूजी)-2027, जेईई (मेन)-2027, सीयूईटी (यूजी)-2027 एवं यूजीसी-नेट-2027 जैसी प्रमुख राष्ट्रीय परीक्षाएं शामिल हैं। इन परीक्षाओं के बेहतर प्रबंधन एवं आयोजन के लिए शिक्षा मंत्रालय द्वारा डॉ. के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय समिति ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी तथा राज्य एवं जिला स्तर के अधिकारियों के बीच संस्थागत समन्वय मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य एवं जिला स्तरीय समन्वय समितियों के गठन की अनुशंसा की है।
कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित हुई जिला स्तरीय समिति
पुनर्गठित जिला स्तरीय समन्वय समिति में कलेक्टर हरेंद्र नारायन को अध्यक्ष बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डे, जिला सूचना अधिकारी, एनआईसी राहुल रावत, जिला शिक्षा अधिकारी जे.के.इड़पाचे, मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री सुनील कुमार सिन्हा तथा एनटीए प्रतिनिधि के रूप में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 छिन्दवाड़ा के प्राचार्य एच.पी. धारकर को सदस्य नियुक्त किया गया है।
परीक्षा आयोजन में विभिन्न विभागों के बीच रहेगा समन्वय
जिला स्तरीय समन्वय समिति के माध्यम से एनटीए एवं जिला प्रशासन के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाएगा। इसमें परीक्षा के सफल आयोजन के लिए आवश्यक प्रशासनिक, पुलिस, तकनीकी, शैक्षणिक एवं विद्युत संबंधी व्यवस्थाओं में संबंधित अधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जिले में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय परीक्षाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुरक्षित, सुचारू एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सकें।